रामनवमी पर मोरवा में निकली भव्य शोभा यात्रा, भगवा रंग में रंगा शहर






सुरक्षा के साथ सेवा भी सिंगरौली पुलिस का दिखा जज्बा


वैढ़न,सिंगरौली। रविवार को चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मोरवा में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा शहर भगवा रंग से रंगा दिखा। एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम जैसे अन्य नारों के उद्घोष के साथ राम भक्तों ने मोरवा शहर में रामलला की भव्य शोभा यात्रा निकाली। इस अवसर पर युवाओं, समेत बच्चों और महिलाओं में भी गजब का जोश दिखा। चिलचिलाती धूप में भी सभी प्रभु श्री राम के नारे लगाते बैंड बाजे की धुन पर घंटों नाचते गाते रहे। इस यात्रा के दौरान पुरुषों ने जहां विशेष परिधान भगवा साफा, कुर्ता-पजामा एवं महिलाओं ने साड़ी में सम्मिलित होकर मर्यादा पुरुषोत्तम का उद्घोष किया। रामनवमी शोभा यात्रा समिति मोरवा द्वारा आज राम नवमी के उपलक्ष में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा दोपहर 2 बजे से श्री रामजानकी मंदिर वार्ड क्रमांक 4 अंबेडकर नगर से विधि विधान से पूजा अर्चना कर ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू की गई। यात्रा शुरु होकर कन्या विद्यालय रोड से होते हुए मोरवा थाने के समीप पहुंची जहां अन्य मंदिरों के ध्वज यात्रा में शामिल किए गए और यहां से केंद्रीय रूप से हज़ारों कार्यकर्ता श्री राम की जय घोष करते हुए नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा एनसीएल अस्पताल तिराहा, मेन रोड सिंगरौली फिर सर्किट हाउस रोड, गायत्री मंदिर रोड, विधायक निवास, एलआईजी चौक, पुरानी बाजार, हनुमान मंदिर घूमते हुए बस स्टैंड पहुंची। रामनवमी की शोभायात्रा के लिए राम भक्तों ने पूरे शहर को भगवा रंग के पताको एवं ध्वजों से पाट दिया था। 

आकर्षण का केन्द्र रहे विभिन्न मंदिरों से लाए गए ध्वज व झांकियां : शोभायात्रा में विभिन्न मंदिरों के गगन चुम्बी ध्वज आकर्षण का केन्द्र थे। इस पूरे रैली में करीब 8 मंदिरों से लाए गए ध्वज सम्मिलित किये गए।

इसके साथ यात्रा में शामिल भगवान राम जानकी, मां काली, बजरंगबली, राधा कृष्ण, महावीर हनुमान आदि की झांकियां भी लोगों का मन मोह रही थी। मोरवा समेत अन्य जगहों से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालु महावीरी ध्वज के साथ शोभायात्रा में शामिल थे। 

मोरवा में दिखी गंगा जमुना तहजीब: मोरवा शहर की यह खूबसूरती है कि सभी धर्मों के लोग आपसी सद्भाव में लीन होकर किसी भी त्योहार को मनाते हैं। लोगों का ऐसा परस्पर प्रेम कम ही देखने को मिलता है। आपसी सद्भाव का यह नजारा राम नवमी के अवसर पर देखने को मिला। जैसे ही राम भक्तों का काफिला मस्जिद के करीब पहुंचा वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जोर शोर से उनका स्वागत कर उन्हें जलपान कराया। इस दौरान सभी आपस में गले मिलते रहे, जिसके बाद यह काफिला आगे बढ़ा। इसके अलावा व्यापार संगठन, मानव अधिकार एसोसिएशन समेत कई स्वयंसेवी संगठनों एवं समाजसेवियों ने जगह-जगह राम भक्तों के लिए जलपान की व्यवस्था कर रखी थी।

सुरक्षा के साथ सेवा भी सिंगरौली पुलिस का दिखा जज्बा: किसी भी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार अपनी भूमिका निभाते आई है। लोगों को सुरक्षा का वातावरण देने के साथ हर तरह से उनकी सेवा में तल्लीन दिखे पुलिसकर्मी। जैसे ही राम भक्तों का काफिला थाना परिसर के शिव मंदिर पहुंचा पुलिसकर्मियों ने उनका स्वागत कर उन्हें विधिवत जलपान कराया। मोरवा पुलिस के इस व्यवहार से राम भक्त भाव विभोर दिखे। शोभा यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने अपने स्तर पर व्यापक इंतजाम किए हुए थे। खुद एसडीओपी राजीव पाठक, निरीक्षक मनीष त्रिपाठी समेत नवानगर थाना प्रभारी रावेंद्र दिवेदी, विन्ध्यनगर थाना प्रभारी यूपी सिंह द्वारा लगातार यात्रा के मार्ग को खाली करवाने में लगे रहे। उनके द्वारा यात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी वहीं यात्रा को देखते हुए मोरवा बाजार एवं अन्य प्रतिष्ठानों को बंद रखा गया। किसी दुर्घटना से बचने के लिए यात्रा के दौरान मोरवा की विद्युत व्यवस्था भी बंद रखी गई। साथ ही मौके का जायजा लेने के लिए एमपीईबी एवं निगम के अधिकारी यात्रा में शामिल रहे। 

यात्रा के अंत में घंटों खेली गई मसाने की होली: रामनवमी का जुलूस अपने अंतिम पड़ाव पर शिव मंदिर होते हुए फल मंडी के समीप समाप्त हुआ जहां से सभी ध्वजों को मंदिरों में ले जाया गया। जिसके बाद बनारस से आए कलाकारों द्वारा स्टेज प्रोग्राम कर विभिन्न तरह की प्रस्तुति दी गई। घंटो चले इस कार्यक्रम में मसाने की होली एवं बरसाने की होली ने लोगों का मन मोह लिया।