देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब, कलश यात्रा के साथ मानस पाठ शुरू





वैढ़न,सिंगरौली।  चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन शनिवार को जिला मुख्यालय के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री देवी का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान सुबह से ही देवी मंदिरों में घंटा-घड़ियाल बजने के साथ ही जयकारा भी गूंजता रहा।

नगर के देवी-मंदिरों के साथ ही जिले के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही और जयकारा गूंजता रहा। वैढ़न स्थित काली मंदिर में चैत नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ नौ दिन तक चलने वाले व्रत अनुष्ठान का पर्व शनिवार को पूजन अर्चन के साथ शुरू हो गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन पूजन के लिए उमड़ पड़ी। प्रसाद फल फूल नारियल चुनरी के साथ महिलाओं बच्चों सहित साधकों की भीड़ देवी मन्दिर पर लेकर पहुंचे। शक्तिनगर परिक्षेत्र में स्थित शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शनार्थियों के लिए कपाट खोल दिए गए, जिसके बाद भक्तों की कतार बढ़ती चली गई। माला फूल नारियल चुनरी के साथ भक्तों ने मां का दर्शन किया। सिगार एवं विधि विधान से पूजन पंडित राम नारायण मिश्र व तीर्थ पुरोहित आचार्य पंडित चंद्र शेखर पांडे ने संपन्न कराया।