नई आबकारी नीति लागू, उमा भारती ने कसा तंज- बेटों की जान से खेलकर राजस्व कमाने पर मैं शर्मिंदा हूं

 


भोपाल। मध्य प्रदेश की नई आबकारी नीति शुक्रवार से लागू हो गई। नई नीति से शराब की कीमतों में 20प्रतिशत तक की कमी आ जाएगी। हालांकि, शराब के ठेकेदारों का मुनाफा भी 10त्न तक कम हो जाएगा। अहातों में बैठने की व्यवस्था से लेकर घरों में बार बनाने तक के नियमों को आसान बनाया गया है। इस पर प्रदेश में शराबबंदी के लिए आंदोलन कर रही पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने तंज कसा है। उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि कल (शनिवार) से चैत्र नवरात्रि है। यह नौ दिन नारी शक्ति की पूजा का पर्व है। आज हमने मध्य प्रदेश में नई शराब नीति लागू की है। इसमें लोगों को ज्यादा शराब कैसे पिलाई जा सके, अहातों में ज्यादा शराब कैसे परोसी जा सके, इस व्यवस्था को निश्चित किया है। मध्य प्रदेश में इसका नारी शक्ति विरोध कर रही है। छत्तीसगढ़ एवं दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी की राज्य की इकाइयां इसी प्रकार की शराब नीति के विरोध में सड़क पर हैं। इस मसले पर मैं मध्य प्रदेश की महिलाओं एवं बेटियों के साथ हूं। शराब खोरी के शिकार हो गए बेटों के लिए भी चिंतित हूं। महिलाओं व बेटियों की इज्जत एवं शिकार हुए बेटों की जान पर खेलकर हम राजस्व कमा रहे हैं, इस पर शर्मिंदा भी हूं।

मार्च में शुरू किया था आंदोलन: उमा भारती पिछले कुछ समय से मध्य प्रदेश में शराबबंदी की मांग कर रही है। सामाजिक आंदोलन की बात कह रही है। उन्होंने अपना अभियान 13 मार्च को भोपाल के भेल इलाके में बरखेड़ी स्थित शराब दुकान से किया था। उन्होंने दुकान में रखी बोतलों पर पत्थर मारा। इसके अगले ही दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर बताया कि उन्होंने यह कदम किस मजबूरी में उठाया। उसके कुछ दिन बाद निवाड़ी में उन्होंने कहा था कि  शराबबंदी को लेकर जनप्रतिनिधियों को सतर्क रहने की जरूरत है। मैंने शराब दुकान पर मारा पत्थर एक चेतावनी थी और यह एक शुरुआत है। जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी निभाएं नहीं तो बड़ा जन आंदोलन का रूप ले लेगा।