ऐसे न करें शहद का सेवन, हो सकता है नुकसान



नई दिल्ली । जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से खाया गया शहद आपकी सेहत को नुकसान तक पहुंचा सकता है। न्यूट्रिशनिस्ट और वैलनेस एक्सपर्ट वरुण कत्याल कहते हैं कि ऐसा माना जाता है कि शहद गर्म पानी में मिलाने पर विषैला हो सकता है। शहद को कभी भी गर्म करके या गर्म चीज के साथ नहीं खाना चाहिए। एक अध्ययन के अनुसार 140 डिग्री के तापमान पर रखा गया शहद जहरीला हो जाता है। जब आप गर्म दूध या पानी में शहद मिलाते हैं तो यह गर्म होकर विषैला हो जाता है।

बहुत कम लोगों को यह बात पता होती है कि गर्म चीजों के साथ शहद का सेवन कभी नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि शहद की तासीर गर्म होती है और अगर इसे गर्म चीज के साथ खाते हैं तो दस्त लगने का सबसे ज्यादा खतरा बना रहता है। आयुर्वेद के अनुसार, गर्म चीज के साथ शहद का सेवन करने से इसे पचाना मुश्किल हो सकता है क्योंकि यह गर्म होने पर शरीर में विष पैदा करता है। घी के साथ शहद लेना या दोनों चीजों को कम अंतर में नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने से सेहत को नुकसान हो सकता है।

ज्यादा गर्म पानी के साथ शहद लेने से बॉडी में गर्मी पैदा होती है। जिसके चलते पेट खराब और अन्य रोग होने की संभावना बढ़ जाती हैं।अगर आपको लगता है कि सर्दी-जुकाम होने पर अगर चाय के साथ शहद का सेवन किया जाए तो बहुत फायदेमंद होगा तो आपको बता दें कि ऐसा कभी भूलकर भी ना करें। ऐसा करने से शरीर में घबराहट और स्ट्रेस बढ़ता है। शहद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट ब्लडप्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद कर सकते हैं। लेकिन जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करने से हाइपोटेंशन का खतरा बढ़ सकता है।

शहद और मूली आपस में एक दूसरे के दुश्मन हैं। शहद के साथ मूली खाने से बॉडी में टॉक्सिन्स बनने लगते हैं। जिसकी वजह से बॉडी पार्ट डेमेज होने का खतरा भी बढ़ जाता है। शहद और मूली के बीच में करीब 1 घंटे का अंतर होना चाहिए। शहद का अधिक सेवन आपकी ओरल हेल्थ को भी बिगाड़ने का काम करता है। शहद में मौजूद चीनी का अधिक सेवन करने से यह आपके दांतों से चिपक सकता है। जो बाद में दांतों की सड़न का कारण बनता है।