पत्नी के हत्यारे को गोरबी पुलिस ने किया गिरफ्तार



चरित्र संदेह के शक में पति ने घर के बाहर सोयी पत्नी की कर दी थी हत्या

सिंगरौली। बीते दिन मोरवा थाना क्षेत्र के गोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम मुहर में घर के बाहर सो रही प्रियंका खैरवार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को जंगल से गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार चरित्र संदेह के शक में आरोपी पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार कर पूछताछ में लगी थी और अंतत: उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शनिवार दरमियानी रात ग्राम मुहर में एक 33 वर्षीय महिला प्रियंका की निर्मम हत्या उस समय कर दी गई जब वह घर के बाहर सो रही थी। घटना की जानकारी अगली सुबह लगी जब लोगों ने घर के बाहर सो रही महिला का शव देखा। 

 सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म तरीके से मुआयना किया, वही पंचनामा कर शव को पीएम हेतु भिजवाया। हत्या के इस वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के निर्देशन, एसडीओपी राजीव पाठक के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक मनीष त्रिपाठी के सतत निगरानी में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार द्वारा अपराध क्रमांक 246/22 धारा 302 के तहत मामला कायम कर विवेचना में जुट गए। घटनास्थल से पति का गायब होना उसे संदेह के दायरे में ले आया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। जहां सूचना के आधार पर आरोपी नर्मदा खैरवार पिता स्वर्गीय धानु खैरवार उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम मुहेर को घेराबंदी कर पास के जंगल धर दबोचा गया। उक्त आरोपी को आज पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया है। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका उक्त कार्यवाही में निरीक्षक मनीष त्रिपाठी के साथ उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, प्रधान आरक्षक राजमणि सिंह, राजकुमार तिवारी, आरक्षक मोहम्मद कौसर, प्रकाश सिंह, त्रिवेणी तिवारी, अमन रावत एवं बबलू बास्केल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।