खुटार से गायब नाबालिका को हिमाचल प्रदेश से खुटार पुलिस ने किया दस्तयाब,भगाने वाला आरोपी भी धराया




वैढ़न,सिंगरौली। बीते माह बैढ़न थाना क्षेत्र के खुटार से गुम हुई नाबालिका हिमाचल प्रदेश में मिली। प्रेम का झांसा देकर आरोपी ने नाबालिका को भगाया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में खुटार पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बैढ़न थाना क्षेत्र के खुटार चौकी से एक १७ वर्षीय नाबालिका बीते माह २०-२१ मार्च की दरमियानी रात घर से गायब हो गई थी। अल सुबह उसके परिजनों ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट खुटार चौकी में दर्ज कराई। उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव ने मामला को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन प्राप्त कर मामले में गुम इंसान दर्ज कर नाबालिका की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को गुम हुई नाबालिका अगले दिन शाम को बरगवां थाना क्षेत्र के डगा में मिली। जिसके बाद नाबालिगका की गुमशुदगी के मामले में न्यायालय में १६४ के बयान दर्ज कराए गए, जिसके तुरंत बाद अगली रात प्रेम जाल में फंसी नाबालिका प्रेमी संग फरार हो गई।

महिला संबंधी अपराधों को लेकर सजग सिंगरौली जिले की पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। सिंगरौली पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर के निर्देशन, सीएसपी देवेश पाठक के मार्गदर्शन एवं बैढ़न कोतवाल अरुण पांडे के सतत निगरानी में उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव ने नाबालिका की तलाश में हर संभावित क्षेत्र का दौरा किया। वही उसके प्रेमी के लोकेशन को साइबर सेल की मदद से खंगाला। करीब १५ दिन बाद दोनों की संभावित लोकेशन हिमाचल प्रदेश के बद्दी में पता चली। जिसके बाद खुटार पुलिस हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हुई और वहां एक घर से दोनों को बरामद कर सिंगरौली ले आई। नाबालिका को जहां उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। वही इस मामले में आरोपी राज कुमार साकेत पिता गणेश साकेत उम्र २४ वर्ष को अपराध क्रमांक ३८५/२२ धारा ३६३, ३६६, ३७६, ३७६(ए), ३७६ (२)(एन), ४, ६ पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

उक्त कार्यवाही में खुटार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र यादव के साथ प्रधान आरक्षक विजय पटेल, आरक्षक अशोक प्रताप सिंह, अशोक यादव व महिला आरक्षक शकुंतला यादव की अहम भूमिका रही।