शिवराज सरकार माफिया से गठजोड़ कर आमजन को परेशान कर रही: कमलनाथ



रतलाम। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ शुक्रवार को रतलाम जिले के दौर पर हैं। रतलाम से कमलनाथ भाजपा के खिलाफ जनआक्रोश रैली का शुरुआत करने जा रहा है। कार्यक्रम से पहले कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा की और प्रदेश में जारी बुलडोजर पॉलिटिक्स को लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साधा। 

कमलनाथ ने माफियाओं पर बुलडोजर चलाने को लेकर कहा कि  कांग्रेस सरकार के समय माफिया पर बुलडोजर चलाए गए। इसकी शुरुआत कमलनाथ सरकार ने की, लेकिन अब माफिया से गठजोड़ कर शिवराज सरकार आमजन को परेशान कर रही है। जिनका कोई अपराध नहीं, उनको बेघर किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। वहीं, दिग्विजय सिंह के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में आठ पुलिस प्रकरण दर्ज किए गए। इसका विरोध करने कांग्रेस ने बैठक की है। ब्लॉक स्तर तक इसका विरोध होना था, लेकिन किसी कारण से नहीं हुआ,सभी की अलग-अलग विचारधारा होती है। प्रशांत किशोर के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस हर चुनाव जीतने के  लिए प्रशांत किशारे की सेवाएं लेने की दिशा में काम करने जा रही है, लेकिन इस मामले में मेरी सोच अलग है। कमलनाथ ने कहा कि जो हो रहा है, वो दिल्ली में हो रहा है, मध्य प्रदेश में राजनीति अलग चलती है। मध्य प्रदेश को समझने में हर किसी को समय लगता है। रतलाम में उद्योग लगाने के मामले में कमलनाथ ने कहा कि रतलाम सेव, सोना व साड़ी के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन 2013 से लेकर 2018 तक विधानसभा चुनाव जिन्होंने जीता, उन्होंने अब तक बड़े उद्योग लाने के लिए कुछ नहीं किया। रतलाम के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। यही स्थिति पूरे मध्य प्रदेश की है। कमलनाथ के रतलाम पहुंचने पर शहर व जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद बड़ी रैली निकाली गई। इस दौरान कमलनाथ ने कालिका माता में पूजा की। उन्होंने मंडलम व सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक ली।