बेहद खतरनाक है मछली जैसा दिखने वाला जहरीला ब्लू ड्रैगन



वाशिंगटन। सोचिए आप एक टापू पर घूमने गए हैं। नीला समंदर और ठंडी-ठंडी रेत के मजे ले रहे हैं, तभी आपको अपनी छोटी उंगली के बराबर एक सुंदर सी मछली दिखाई देती है। क्या होगा अगर आपको पता चले कि वह सुंदर सी दिखने वाली मछली आपकी जान भी ले सकती है। अमेरिका में टेक्सस के सैन एंटोनियो के रहने वाले एरिक यांता अपने पत्नी के साथ मुस्तांग टापू पर घूमने गए थे। समुद्र के किनारे घूमने के दौरान यांता और उनकी पत्नी ने नीले रंग का एक छोटा सा खूबसूरत जीव देखा जो करीब एक इंच का था। नीले रंग का यह जीव पत्थर से चिपका था। एरिक ने उसे उठा लिया और वापस पानी में डाल दिया। पानी में डालने से पहले उन्होंने बेहद करीब से उसका वीडियो भी बनाया। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वह क्यूट सा दिखने वाला जीव कुछ और नहीं बल्कि एक जहरीला ब्लू ड्रैगन है।एरिक को इसके बारे में कुछ नहीं पता था, जिसके बाद उन्होंने इसका वीडियो रेडिट पर डाला और लोगों से इसके बारे में पूछा। एडिनबर्ग में टेक्सास विश्वविद्यालय में पर्यावरण और समुद्री विज्ञान स्कूल के प्रोफेसर और निदेशक डेविड हिक्स ने कहा कि ब्लू ड्रैगन समुद्र के किनारे रहते हैं। वह अपने नीले शरीर के जरिए समुद्र में छुपे रहते हैं, ताकि शिकारी जीव उन्हें न देख सकें। ग्लौकस अटलांटिकस या ब्लू ड्रैगन दिखने में जितने छोटे हैं वे उतने ही खतरनाक होते हैं। डेविड हिक्स ने बताया कि यह जेली फिश की फैमिली से आने वाले पोर्तगीस मैन-ऑफ-वॉर जैसे जीवों को खाता है। पोर्तगीस मैन-ऑफ-वॉर में जहरीले कांटे होते हैं, उन्हीं कोशिकाओं को यह अपने शरीर में संरक्षित करता रहता है, जिन्हें सिनिडोसाइट्स कहा जाता है।बाद में ब्लू ड्रैगन शिकारियों से अपनी रक्षा के लिए इनका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि इसका दर्द पोर्तगीस मैन-ऑफ-वॉर के दर्द जैसा ही होता है, कभी-कभी यह जानलेवा हो सकता है। इसके प्रभाव से उल्टी शुरू हो जाती है। अगर कभी इसके कांटों से सामना हो जाए तो आपको तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।