शुद्ध देसी घी की रंगत और खुशबू से कर सकते हैं पहचान



नई दिल्ली। आजकल बाजार में जहां हर चीज मिलावटी आ रही है, ऐसे में मार्केट में शुद्ध घी मिलना भी मुश्किल होता है। वैसे तो घर बनाकर आप शुद्ध घी खा सकते हैं। अगर बाजार से लेते हैं तो यहां कुछ तरीके हैं जिनसे घी की शुद्धता जांच सकते हैं। शुद्ध देसी घी को आप इसकी रंगत और खुशबू से ही पहचान सकते हैं। हालांकि मिलावट करने वाले आजकल एक कदम आगे रहते हैं।शुद्ध घी के रंग में पीलापन होता है। सफेद दानेदार हिस्सा तली में रहता है और ऊपर पीला सा लिक्विड दिखता है। घी महंगा मिलता है तो कई ब्रैंड्स इसमें सस्ते तेल मिला देते हैं। जैसे नारियल तेल या डालडा। बाजार का घी खा रहे हैं तो इसकी शुद्धता ऐसे चेक कर सकते हैं। एक पैन को गरम करें। इसमें 1 चम्मच घी डालें। अगर घी तुरंत पिघल जाए और भूरे कलर का हो जाए तो यह शुद्ध है। अगर पिघलने में वक्त ले और पीला सा हो जाए तो इसका मतलब इसमें अशुद्धियां हैं। एक और तरीका यह भी है कि आप घी को अपनी हथेली पर लें। कुछ देर में पिघलने लगे तो इसका मतलब यह शुद्ध घी है। अगर वैसा ही रखा रहे तो इसमें मिलावट है। एक चम्मच घी को पिघलाकर एक पारदर्शी बॉटल में लें। इसमें थोड़ी सी चीनी डालें और बोतल का ढक्कन बंद करके इसे हिलाएं। अब कुछ देर के लिए रख दें।अगर बर्तन की तली में लाल रंग दिखे, इसका मतलब है कि घी मिलावटी है। बता दें कि घी भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। इसके हेल्थ बेनिफिट्स को देखते हुए अब तो विदेशों में भी इसे खाने पर जोर दिया जा रहा है। यह खाने में बढ़िया टेस्ट लाता है। साथ ही कई रिसर्चेज बता चुकी हैं कि घी में गुड कोलेस्ट्रॉल होता है। यह दिल को नुकसान नहीं पहुंचाता है न ही इससे वजन बढ़ता है।