आपने जो कपड़ा पहना है वो आवाज सुन सकेगा



लंदन । आपने जो कपड़ा पहना है वो आपकी आवाज सुन सकेगा। चौकिए मत, वैज्ञानिकों ने एक ऐसा कपड़ा बनाया है जो आवाज भी सुन सकता है। इसे सुनने के यंत्र के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। यही नहीं, इससे दिल की धड़कन या यहां तक कि अंतरिक्ष यान में भी इसका इस्तमाल किया जा सकता है। कुल मिलाकर कर कहें तो ये नया फाइबर माइक्रोफोन की तरह काम करता है।

यह ध्वनियों को पकड़ता है और उन्हें कंपन और फिर विद्युत संकेतों में बदल देता है। यही प्रणाली ठीक उसी तरह है जैसे हमारे कान काम करते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार यह विशेष फैब्रिक कपड़ा पहनने वाले के दिल की धड़कन को भी सुन सकते हैं। दिलचस्प ये है कि यह फैब्रिक बेहद शांत लाइब्रेरी जितनी कम आवाजों सहित भारी सड़क यातायात पर हो रहे शोर को भी कैद कर सकता है। यही नहीं, यह अचानक आई आवाज- जैसे ताली बजने की आवाजों की सटीक दिशा भी बता सकता है। इस फाइबर को मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के इंजीनियरों और रोड आइलैंड स्कूल आॅफ डिजाइन के शोधकर्ताओं द्वारा तैयार किया गया है। यह एक 'पीजोइलेक्ट्रिक' मैटेरियल से डिजाइन किया गया है जो झुकाए जाने पर विद्युत संकेत उत्पन्न करता है। इसका मतलब है कि कपड़ा ध्वनि कंपन को विद्युत संकेतों में परिवर्तित कर सकता है। इसे तैयार करने वाले सदस्यों में से एक येट वान ने बताया, 'ऐसे परिधान पहने हुए संभव है कि आप फोन कॉल का जवाब देने और दूसरों के साथ संवाद करने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।'

येट वान ने बताया, 'यह अंतरिक्ष की धूल को सुनने के लिए अंतरिक्ष यान के साथ लगाया जा सकता है। या फिर इमारतों में दरारें का पता लगाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। समुद्र में मछली पकड़ने के लिए भी इसे 'स्मार्ट नेट' में बुना जा सकता है।' ये फाइबर लचीला था और इसे बनाने के बाद इससे शोधकर्ता पारंपरिक कपड़े बुनने में सक्षम हुए।इसे शर्ट के पिछले हिस्से में लगाया गया तो यह लोगों के ताली की आवाज को भी पकड़ने में सक्षम नजर आया। साथ ही दिशा भी पहचान रहा था।