फर्श पर लगे होली के रंग के दाग छुड़ाने के आसान और असरदार टिप्स



नई दिल्ली। रंग और मस्ती से भरे होली के त्योहार का इंतजार लोग पूरे साल बड़ी बेसब्री से करते हैं। रंग-बिरंगे रंग न सिर्फ तन को रंगते हैं बल्कि मन को भी खुशियों और प्यार के रंग में डूबो देते हैं। बावजूद इसके, होली के दिन जमकर मस्ती करने वाले लोगों के लिए अगले कुछ दिन बड़ी परेशानी वाले होते हैं। जी हां, होली के रंगों से सिर्फ चेहरा ही नहीं पूरे घर का फर्श और टाइल्स भी रंग जाती हैं। शरीर पर कलर लग जाए तो कुछ दिनों में निकल जाता है, लेकिन सफेद फर्श से रंग हटाना बड़ा मुश्किल हो जाता है। होली के बाद इन दाग धब्बों को निकालने में काफी दिक्कत आती है। अगर आप भी होली के बाद इस बात को लेकर परेशान रहती हैं तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर अपनी परेशानी को दूर कीजिए।    

होली के रंग के दाग फर्श से हटाने के टिप्स-

फर्श पर गिरा सूखा रंग-होली पर कई बार रंग का पैकेट फाड़ते समय सूखा रंग फर्श पर गिर जाता है। अगर इस सूखे रंग पर पानी पड़ जाए तो रंग निकालना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर फर्श पर सूखा रंग गिर गया है तो उस पर नजर पड़ते ही तुरंत उसे झाड़ू मारकर साफ कर लें।

फर्श पर गीला रंग- घर के फर्श पर अगर पक्का गीला रंग लग जाए तो उसे स्पंज की मदद से सोंख लें। फर्श पर लगा गीला रंग सूखने पर उस पर पानी और बेकिंग पाउडर से बना मिश्रण डालकर स्पंज से साफ कर लें।

गर्म पानी-अगर आपके फर्श पर रंग के धब्बे लग गए हैं तो उसे गर्म पानी से साफ कर लें। इसके लिए दाग पर आधा कप गर्म पानी 5 मिनट के लिए डालकर छोड़ दें। इसके बाद फर्श को हल्के हाथों से सूती कपड़े की मदद से साफ कर लें। फर्श पर लगे दाग पल भर में गायब हो जाएंगे।

टिशू का प्रयोग करें-अगर फर्श पर गिरा सूखा रंग पानी गिरने की वजह से गीला हो गया है तो उसे सबसे पहले एक टिशू पेपर की मदद से साफ कर लें। इसके बाद एक नींबू को दो हिस्सों में काटकर फर्श पर उस जगह रगड़ें जहां रंग लगा हुआ हो। इसके बाद फर्श पर गर्म पानी डालकर फर्श को साफ कर लें। फर्श पर लगे रंग के दाग साफ हो जाएंगे। 

बेकिंग सोडा-लगभग हर भारतीय किचन में बेकिंग सोडा का उपयोग किया जाता है।  घर में पाया जाने वाला बेकिंग सोडा सफाई के लिए एक बढ़िया सामग्री है। बेकिंग सोडा की अम्लीय प्रकृति अधिकांश प्रकार के दागों को हटाने के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। होली के रंग के दाग फर्श से साफ करने के लिए इस उपाय को अपनाएं। इस उपाय को करने के लिए सबसे पहले 2-3 कप पानी उबालते समय उसमें 1 बड़ा चम्मच नमक डालें। अब इस पानी को फर्श पर डालकर थोड़ा सा बेकिंग सोडा भी 10 मिनट के लिए फर्श पर डाल दें। इसके बाद फर्श को साफ करने के लिए सूती कपड़े का प्रयोग करें। 

बाथरूम को होली के रंग के दाग लगने से बचाने के टिप्स-

-बाथरूम में टैप, शॉवर या टॉवल हैंगर को प्लास्टिक ग्लोव्स पहनकर ही छुएं।

-बाथरूम का इस्तेमाल करने से पहले फिक्सचर्स पर पेट्रोलियम जेली या आॅयल लगा दें, ताकि बाद में आसानी से रंग हटाया जा सके।

-होली के बाद रंग छुड़ाने और नहाने के लिए बाथटब का इस्तेमाल करें ताकि बाथरूम का फर्श और दूसरे फिक्सचर्स खराब न हों।