कांग्रेस का महंगाई मुक्त अभियान: कमलनाथ बोले- साइकिल पर निकलने वाले मोदी-शिवराज आज महंगाई पर चुप हैं



भोपाल। कांग्रेस के देशव्यापी महंगाई मुक्त अभियान की गुरुवार को प्रदेश में कमलनाथ ने सिलेंडर को माला पहना कर शुरुआत की। कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल मंजीरा लेकर श्यामला हिल्स रोड पहुंचे थे। कमलनाथ ने कहा कि जनता की जेब काटी जा रही है। भाजपा लूटने का काम कर रही है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब तक उत्तर प्रदेश के चुनाव नहीं हुए थे तब तक डीजल पेट्रोल और गैस के दाम स्थिर रहे। चुनाव के तुरंत बाद कीमतें बढ़ा दी गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा निर्मित महंगाई से जनता की जेब काटी जा रही है, भाजपा लूटने का काम कर रही है। भाजपा निर्मित महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। लुटेरी भाजपा सरकार को पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम वापस लेने ही पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल सिर्फ वाहनों को प्रभावित नहीं करता है। यह सब्जी, दवाई, दुध से लेकर परिवहन की सभी चीजों को प्रभावित करता है। मोदी जी 2013-14 में और शिवराज जी साइकिल पर जाया करते थे। आज महंगाई पर चुप हैं। आज सिर्फ घोषणाओं की फैक्ट्री और आश्वासन के कारखाने खोले हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणााओं की फैक्ट्री खोल ली है। बीज और खाद के महंगाई से किसान परेशान हैं। आर्थिक गतिविधि चौपट हो गई हैं। हमने इसका ही अभियान शुरू किया है। इनके आंख और नाक खोले जाएंगे। मुंह इनका खुला है। 

कमलनाथ ने भाजपा के चुनावी मोड में आने पर कहा कि चुनावी मोड में आना भारतीय जनता पार्टी का काम है, कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं से और जनता से जुड़ी रहती है। वहीं, सिंधिया को बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में गुना ने दिखा दिया था कि चुनौती कितनी मजबूत है।

शिवराज सिंह चौहान के बुलडोजर मामा बन जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि मैंने माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलाया था। मैं नहीं चाहता था कि मध्य प्रदेश की पहचान माफिया से हो। अब शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर बुलडोजर चलाकर बदले की कार्रवाई कर रहे हैं। शुद्ध का युद्ध जो मैंने शुरू किया था, उस पर शिवराज सिंह कुछ नहीं बोल रहे है। आज हर चीज में मिलावट है।