स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में मानवता शर्मसार; गर्भपात होने पर महिला की बहन से साफ कराई एंबुलेंस



रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्वास्थ्य विभाग ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें गर्भपात के बाद दर्द से कराह रही महिला को संभालने के बजाय उसकी बहन एंबुलेंस में फैला खून और उल्टी साफ कर रही है। इस मामले में सीएमएचओ ने जांच के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला गैरतगंज की रहने वाली है। रविवार को अचानक उसे पेट में दर्द उठा, जिसके बाद एंबुलेंस से रायसेन के जिला अस्पताल लाया गया। रास्ते में उसे उल्टी हो गई और ब्लड भी निकला। जब एंबुलेंस अस्पताल पहुंची तो स्ट्रेचर पर खून और उल्टी थी। इस पर उसने महिला की बहन सविता बाई से जबरदस्ती उसकी सफाई कराई। उसने सफाई होने तक जाने तक नहीं दिया। एंबुलेंस जिकित्सा हेल्थकेयर लिमिटेड की है और सीएमएचओ ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। सिविल सर्जन एके शर्मा ने बताया कि घटना रविवार शाम को पांच बजे की है। गैरतगंज से एक महिला को एंबुलेंस से लाया गया था। गर्भपात के दौरान उसे उल्टी हुई होगी या ब्लड आया होगा। उसकी सफाई का मामला है। मैंने डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर से बात की है। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों ने स्वेच्छा से सफाई की है। उन पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला गया। यह जानकारी जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दे दी है। वह इसकी जांच करा रहे हैं।