कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में मौसम विज्ञान केन्द्र का हुआ लोकार्पण




किसान मौसम संबंधित जानकारियो से रहेगे अपडेट: राम लल्लू बैस


वैढ़न,सिंगरौली। कृषि विज्ञान केन्द्र के परिसर में स्थापित किये गये मौसम विज्ञान केन्द्र का लोकार्पण सिंगरौली विधानसभा के विधायक राम लल्लू बैस के मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर राजीव रंजन मीना तथा नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा के गरिमामय उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुये विधायक ने कहा कि मौसम विज्ञान केन्द्र  के माध्यम से किसान आगामी 5 दिनो की मौसम के संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते है। उन्होने कहा कि यह जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होने अंतराष्ट्रीय दलहन दिवस पर किसानो को दलहन फसलो की अधिक से अधिक खेती करने के साथ साथ कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिको से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने फसलो की पैदावार बड़ाने के लिए अच्छे किस्म के बीज एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त कर धान गेहु चना आदि की भी खेती करने के लिए प्रेरित किया। 

इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुये कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र में आज मौसम विज्ञान केन्द्र का लोकार्पण किया गया है। उन्होने कहा किसान घर बैठे मौसम संबंधी जानकारी अपने मोबाईल के माध्यम से प्राप्त करे सकते है। उन्होने कहा कि इसके लिए किसानो को अपने मोबाईल पर मेघदूत एप डाउनलोड करना पड़ेगा। उन्होने किसानो को फसलो की पैदावार बड़ने के लिए अच्छे किस्म के बीज का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होने कहा कृषि विज्ञान केन्द्र में जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा करने की कार्यवाही की जायेगी।

इस दौरान विधायक एवं कलेक्टर के द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिको द्वारा जैविक रूप से तैयार किये गये  विभिन्न प्रजातियो की फसलो का अवलोकन किया गया। उन्होने गेहु, चना के साथ साथ आम, अमरूद सहित विभिन्न किस्म के सब्जियो का अवलोकन किया। इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक जय सिंह के द्वारा उपस्थित अतिथियो को विस्तृत रूप से काले गेहु, काबुली चने के साथ रोपित किये गये आम अमरूद के प्रजातियो के संबंध में अवगत कराया गया।इस दौरान कृषि वैज्ञानिक अखिलेश चौबे, इंजिनियर सत्यपाल सिंह, मौसम वैज्ञानिक प्रिया चौकसे, पूर्व पार्षद दया शंकर शुक्ला, समाजसेवी लक्षमण सिंह बैस सहित किसान उपस्थित रहे।