ग्राम पंचायत की जानकारी मांगी तो दलित आरटीआई कार्यकर्ता को पीटा, जबरदस्ती पेशाब पिलाया



ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दलित आरटीआई कार्यकर्ता की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। उसे जबरदस्ती पेशाब पिलाया। उसने ग्राम पंचायत से सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत कुछ जानकारी मांगी थी, जिसे लेकर दबंग नाराज हो गए। यह घटना 23 फरवरी की है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि 33 वर्षीय दलित आरटीआई कार्यकर्ता शशिकांत जाटव गंभीर रूप से जख्मी हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद दिल्ली एम्स में शिफ्ट किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि जाटव ने शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार उन्होंने बरही ग्राम पंचायत से आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। इस पर बरही सरपंच के पति, पंचायत सचिव और अन्य ने 23 फरवरी को उन्हें ग्राम पंचायत कार्यालय बुलाया था। पहले तो जाटव को जबरदस्ती कमरे में बंद किया गया। फिर उनके साथ मारपीट की गई। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। आरोपियों ने एक जूते से पेशाब पीने को भी मजबूर किया।
जाटव एम्स में भर्ती: शुरुआती इलाज के लिए जाटव को जयारोग्य हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। बाद में आगे के इलाज के लिए दिल्ली एम्स में शिफ्ट किया गया। उनका बयान दर्ज करने के लिए पुलिस का एक अधिकारी राष्ट्रीय राजधानी जाएगा।
पुलिस ने दर्ज किया केस: पुलिस ने जाटव की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ आईपीसी की अलग-अलग धाराओं के तहत हत्या की कोशिश और अपहरण की धारा लगाई है। वहीं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) कानून की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। पीड़ित का बयान लेने के बाद दंडात्मक धाराओं को बढ़ाया जा सकता है। पुलिस ने सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें आशा कौरव, संजय कौरव, धामू, भूरा, गौतम, विवेक शर्मा और सरनाम सिंह शामिल हैं।