नुकसानदायक हो सकता है कच्चा बादाम
नई दिल्ली । कई शोधों में पुष्टि हुई है कि कच्चे बादाम का अधिक सेवन किडनी, लिवर के साथ शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। जानकारी के मुताबिक, कच्चे बादाम में एमिग्डालिन नामक तत्व पाया जाता है जिसकी वजह से यह स्वाद में थोड़ा कड़वा लगता है। कच्चा बादाम का सेवन अगर सही मात्रा में करें तो ये उपयोगी है लेकिन अगर इसका अधिक सेवन करें तो ये फायदे की जगह नुकसानदायक भी हो सकता है।
आइए जानते हैं इससे होने वाले नुकसान को। हरा बादाम खाने से आपके लिवर को गंभीर नुकसान हो सकता है। यह शरीर में मायकोटॉक्सिन का उत्पादन तेज कर देता है जिससे पाचन से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसकी वजह से पेट में सूजन और कब्ज की समस्या हो सकती है। माइग्रेन से जूझ रहे मरीजों के लिए ये फायदेमंद नहीं माना जाता है। कच्चे बादाम में कई तरह के यौगिक होते हैं जिनके सेवन से शरीर में कई रासायनिक क्रियाएं होती हैं और माइग्रेन के मरीजों की समस्या बढ़ सकती है।कच्चे बादाम में ऑक्सालेट की मात्रा होती है जो किडनी स्टोन की समस्या का कारण होता है। यह किडनी के लिए नुकसानदायक माना जाता है।
कच्चा या हरा बादाम अधिक मात्रा में खाने से शरीर में पोषक तत्वों का अवशोषण सही तरीके से नहीं होता। कच्चा या हरा बादाम में टैनिन पाया जाता है जिसकी वजह से इसका सेवन करने पर शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण में दिक्कत आती है।ऐसे में अगर आपको किसी तरह की हेल्थ से जुड़ी समस्या है तो अपने डॉक्टर की सलाह के बाद ही कच्चा बादाम का सेवन करना चाहिए। आमतौर पर हम सभी ये जानते हैं कि बादाम सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन अगर इसे कच्चा खाया जाए यानी कि हरे रंग के बादाम को खाया जाए तो ये सेहत के लिए हानिकारक भी हो सकता है।