धरती पर मौजूद 73 हजार तरह के पेड़



रोम । पृथ्वी पर पेड़ों की 73,000 प्रजातियां मौजूद हो सकती हैं जिसमें 9,200 ऐसी प्रजातियां शामिल हैं जिन्हें अभी खोजा जाना बाकी है। शोधकर्ताओं ने कहा कि इन अनदेखी प्रजातियों में से ज्यादातर दुर्लभ और बहुत कम संख्या में हैं। इनके मानव विकास से खतरे में होने की संभावना है। दक्षिण अमेरिका में दुनिया की लगभग 43 प्रतिशत पेड़ प्रजातियां हैं। दुनिया की सबसे दुर्लभ पेड़ प्रजातियां भी यहां पाई जाती हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार अध्ययन के निष्कर्ष बताते हैं कि महाद्वीप को वैश्विक उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय वनों के साथ-साथ पेड़ों के संरक्षण प्रयासों का केंद्र होना चाहिए क्योंकि ये जंगल कई दुर्लभ और अनदेखी प्रजातियों का घर हैं। यह अध्ययन तीन साल की एक अंतरराष्ट्रीय परियोजना का नतीजा है। इसमें लगभग 150 वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया और 64,000 प्रजातियों से संबंधित लगभग 4 करोड़ पेड़ों की पहचान की गई। बोलोग्ना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक रॉबर्टो कैज़ोला गट्टी ने कहा पारिस्थितिक तंत्र की स्थिरता और कार्यक्षमता को बनाए रखने के लिए पेड़ों के विकास और विविधता की व्यापक जानकारी होना बेहद जरूरी है। यह अध्ययन ग्लोबल फॉरेस्ट बायोडायवर्सिटी इनिशिएटिव के तहत किया गया है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुपर कम्प्यूटर्स का इस्तेमाल करके जटिल सांख्यिकीय विश्लेषण किया गया। इस विश्लेषण और गणना के पूरे होने के बाद शोधकर्ताओं ने अनुमान लगाया कि हमारे ग्रह पर करीब 73,300 पेड़ प्रजातियां हैं। इसमें 14 फीसदी प्रजातियां अभी भी अज्ञात हैं। बता दें कि मानव आबादी और महासागर के बाद जो धरती बचती है उसके एक बड़े हिस्से पर जंगल मौजूद हैं। दुनिया में इंसानों की गिनती तो की जा सकती है लेकिन पेड़ों की गिनती करना लगभग असंभव है।