अमेजन पर एमपी के गृहमंत्री का एक्शन



तिरंगा छपा जूता बेचा जा रहा था, नरोत्तम मिश्रा बोले- बर्दाश्त नहीं; कंपनी मालिक बेजोस पर एफआईआर के आदेश

भोपाल। ऑनलाइन शॉ‍पिंग प्लेटफॉर्म अमेजन पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एफआईआर के आदेश दिए हैं। अमेजन पर राष्ट्रीय ध्वज छपे जूते और कपड़े बेचे जा रहे थे। गृहमंत्री ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। असहनीय है। राष्ट्रीयता, राष्ट्र की भावना और राष्ट्र के अपमान का कोई भी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ध्वज संहिता का उल्लंघन प्रतीत हुआ है। अमेजन कंपनी के मालिक जेफ बेजोस और संस्था पर मध्यप्रदेश में एफआईआर के लिए डीजीपी को कहा है।मिश्रा मंगलवार को मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। कहा कि कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह को बताया है कि वह वास्तव में इंदिरा गांधी के पुत्र हैं। दोनों के बीच हुई चर्चा सुनी, इससे लगता है कि डेमोक्रेसी नाम की चीज कांग्रेस में बची ही नहीं है। कार्यकर्ताओं के सामने दोनों पूर्व मुंख्यमंत्री के बीच हास्यास्पद बात हुई है, इससे कांग्रेस का भविष्य समझ आता है।गृहमंत्री ने कहा कि 4 हजार पदों पर पुलिस आरक्षक की भर्ती निकाली है। इस भर्ती में 2 हजार पदों का इजाफा किया गया है। अब इस भर्ती के जरिए 6 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। यह भर्ती प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से की जाएगी। अभी 4 हजार पदों पर भर्ती के लिए बोर्ड द्वारा ऑनलाइन लिखित परीक्षा शुरू कर दी गई है। 12 लाख से अधिक उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए जा गए हैं।अमेजन पर 2019 में हिंदू देवी-देवताओं के चित्र वाली टॉयलेट सीट कवर और डोरमैट्स (दरवाजे पर बिछाए जाने वाले मैट) बेचने का आरोप लगा था। 2017 में अमेजन की कनाडा वाली वेबसाइट पर भारतीय तिरंगे के चित्र वाले डोरमैट बेचने का आरोप लगा था। तब भारत सरकार ने अमेरिकी और कैनेडियन एंबेसी के सामने ये मुद्दा उठाया था। सरकार ने उन्हें अमेजन की सीनियर लीडरशिप के सामने ये मामला उठाने के निर्देश दिए थे।