सीएम शिवराज ने माना- प्रदेश में तीसरी लहर आ गई, मिलकर लड़ेंगे; छिंदवाड़ा में भी मिला ओमिक्रॉन का पेशेंट



भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नए साल के पहले दिन संबोधन में कहा- प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर आ गई है। प्रदेशवासी सतर्क रहें। इसका मुकाबला जनसहयोग से करना है। आवश्यक व्यवस्थाएं बना ली गई हैं। कोविड के संक्रमण को रोकने के अनुरूप व्यवहार करना है। आत्मनिर्भर भारत बनाना है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करना है। रोजगार के अवसरों का सृजन करना है।

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने इंदौर के बाद छिंदवाड़ा में भी एंट्री कर ली है। छिंदवाड़ा में 26 साल की युवती ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई है। वह नीदरलैंड (यूरोपियन कंट्री) से लौटी थी। स्ष्ठरू अतुल सिंह के मुताबिक युवती क्वारेंटाइन थी। युवती को जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। परिवार के लोगों को भी क्वारेंटाइन किया गया है। युवती की हालत सामान्य है। इससे पहले इंदौर में भी ओमिक्रॉन के 9 केस मिल चुके हैं।प्रदेश में कोरोना की रिएंट्री के साथ इंदौर हॉटस्पॉट बन चुका है। शुक्रवार को 62 नए मरीज सामने आए। शहर में कुल मरीजों की संख्या अब 153791 हो गई है, जबकि ओमिक्रॉन वैरिएंट की अब तक नौ मरीजों में पुष्टि हुई है। जिले में एक्टिव मरीज अब 283 हो गए हैं। अब तक 152113 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। रिकवरी रेट 98.9 प्रतिशत है। जून के बाद पहली बार प्रदेश में पहली बार 100 से ज्यादा केस निकले हैं।भोपाल में 27 केस मिले हैं। रतलाम में भी दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। 21 वर्षीय युवक और 52 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां एक्टिव मरीज 5 हो गए हैं। उज्जैन में 6 नए केस आए हैं। मुनि नगर में रहने वाले 32 और 29 साल के पति-पत्नी जयपुर और दूसरे शहरों से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए हैं। एक 77 साल का बुजुर्ग है। कुछ दिन पहले दुबई से लौटी मरीज के पिता हैं। महानंदा नगर की दो युवतियां और दादा भाई नौरोजी मार्ग पर रहने वाला युवक संक्रमित मिला है। सभी सामान्य हैं। किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।

छिंदवाड़ा के परासिया में नागपुर से लौटे 69 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके संपर्क में आए परिवार के 4 सदस्य और काम करने वाली महिला को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। बुजुर्ग को सर्दी-जुकाम था। स्थिति सामान्य है। दोनों डोज लग चुके हैं। ग्वालियर में 3 केस आए हैं। बाकी दूसरे जिलों से हैं।