पैरोल पर छूटी महिला के साथ आलीराजपुर जेल के दो प्रहरियों ने किया रेप, दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा



आलीराजपुर। मध्यप्रदेश में आलीराजपुर जिला जेल के दो जेल प्रहरियों पर पैरोल पर छूटी एक महिला कैदी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला अपने पति के साथ ही आलीराजपुर जेल में सजा काट रही है। पैरोल पर छूटने के बाद जब वह पति से मिलने आई, तो दोनों जेल प्रहरियों बहला-फुसलाकर उसके साथ ज्यादती की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जोबट उप जेल भेज दिया है।
उप पुलिस अधीक्षक अजाक आदित्यराज सिंह ठाकुर ने बताया कि देवास जिले के इमलीपुरा निवासी पति-पत्नी आलीराजपुर जेल में सजा काट रहे हैं। उन्हें बड़वानी में फर्जी शादी के मामले में पांच साल की सजा हुई थी। जहां से उन्हें आलीराजपुर जेल भेज दिया गया था। पत्नी को कोरोना महामारी के चलते दो महीने की पैरोल मिली थी।पैरोल के दौरान ही अगस्त में महिला पति से मिलने आलीराजपुर जिला जेल आई थी। दोपहर में पति से मुलाकात के बाद महिला वापस जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान जेल प्रहरी अनिल त्रिवेदी जेल कैंपस में महिला से मिला। उसे अपने घर पर रखी मेडिकल रिपोर्ट देने के बहाने जेल लाइन स्थित शासकीय आवास ले गया। वहां पहले से ही जेल प्रहरी वीरेंद्र यादव मौजूद था। आवास पर दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया, तो उसे गाली गलौज कर जेल में सड़ा देने की बात की और जान से मारने की धमकी दी।
जेल लौटकर पति को बताई आपबीती: र्दुष्कर्म के बाद महिला चुप रही। पैरोल खत्म हो जाने पर उसे बड़वानी जेल में बंद कर दिया गया। महिला की मांग पर उसे दोबारा आलीराजपुर जिला जेल में शिफ्ट किया गया। जहां 26 दिसंबर को उसने पति से मुलाकात की। यहां उसे पूरा घटनाक्रम बताया। पति ने रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही।29 दिसंबर को जब महिला के पति के भाई जेल में मिलने आए, तो पति ने पूरी बात उन्हें बताई। इसके बाद महिला के दोनों जेठ ने लिखित शिकायत महिला थाने में की। पुलिस ने महिला के बयान लिए। इसके बाद 31 दिसंबर को जेल प्रहरी अनिल व वीरेंद्र को गिरफ्तार कर जोबट उप जेल भेज दिया गया।आलीराजपुर डीएसपी अजाक आदित्यराजसिंह ठाकुर ने बताया कि महिला के जेठ ने मामले की शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। महिला के बयान लेने के बाद आरोपी जेल प्रहरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को जोबट उप जेल भेज दिया गया।