शिवराज बोले- हमारे बब्बा कांग्रेस में थे



सीहोर में कहा- कांग्रेसी राज में न सड़कें थीं, न बिजली और अब देखिए; कांग्रेस बोली- बब्बा को कोस रहे हो

सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके बब्बा भी कांग्रेस में थे। मुख्यमंत्री रविवार को बुधनी के शाहगंज नगर परिषद के कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों तक राज किया। उस समय ज्यादातर लोग कांग्रेस में ही थे। उसमें हमारे बब्बा भी थे। बावजूद, हमारे क्षेत्र अंधेरे में ही थे। न सड़कें थी, न बिजली, न रोड और न पानी।

अब शाहगंज का विकास देखिए: आपने भाजपा को मौका दिया। आपका मामा मुख्यमंत्री बना। सीएम ने कहा कि पुरानी पीढ़ी से पूछना चाहता हूं, क्योंकि नई पीढ़ी ने तो मामा को ही मुख्यमंत्री देखा है। बताओ कि भाजपा के आने के बाद से सड़कें कैसी हैं? सामुदायिक भवन कैसे हैं? इस दौरान लोगों ने हामी भरते हुए कहा कि मामा ने काम किया है। मेरे कार्यकाल में शाहगंज का विकास देखिए। शाहगंज से सबको सीख लेना चाहिए। दूसरे नगर परिषदों की तुलना में शाहगंज में सुंदर नगर और घर बने हैं।

प्रभुराम को नाथ कहते थे.. चलो-चलो: शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर बैठे स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के बारे में बोलते हुए कहा कि एक बार सभी लोग इनके लिए ताली बजाएं। पहले ये कांग्रेस में थे। ये जब भी क्षेत्र के विकास के लिए राशि की मांग करने के लिए कमलनाथ के पास जाते थे, तो नाथ हमेशा इनसे कहते थे कि चलो-चलो.... चलो-चलो अभी है ही नहीं। अंत में जब ये थक गए तो इन्होंने कमलनाथ से कह दिया कि चलो-चलो हम तो मामा के संग चले, सब कुछ छोड़-छाड़ के। फिर प्रभुराम सांची से चुनाव लड़े और 64 हजार वोटों से जीते।

भाजपा गरीबों के लिए काम कर रही: सीएम ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आदमी को रोटी, कपड़ा, मकान और रोजगार की जरूरत होती है। पहले आदमी दिन भर काम करता था। मजदूरी सिर्फ इतनी मिलती थी कि उससे खाना ही खाया जा सकता था। भाजपा सरकार आने के बाद से हर आदमी को सस्ता राशन मिला। प्रधानमंत्री ने मार्च तक 5 किलो राशन मुफ्त बांटने का ऐलान किया। अन्नपूर्णा योजना के तहत 1 रुपए किलो अनाज दे रहे।कोशिश है कि महीने भर का राशन 1 दिन की मजदूरी में आ जाए। ढंग से पेट भरे और बाल-बच्चों को पाल सकें। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रहने के लिए मकान दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर विदिशा क्षेत्र के सांसद रमाकांत भार्गव उपस्थित रहे।