भोपाल में कब्रगाह बनी भाजपा नेता की गौशाला



कुएं में मिलीं 20 गायों की लाशें, मैदान में बिखरे 80 शव और कंकाल; विरोध में सड़क पर उतरे लोग

भोपाल। भोपाल के बैरसिया में कथित भाजपा नेता निर्मला देवी शांडिल्य की गौशाला में कई गायों की मौत हो गई। रविवार को गौशाला में बने कुएं में 20 गायों के शव मिले हैं।80 से ज्यादा गायों के शव और कंकाल मैदान में पड़े मिले हैं। 8 गायों की मौत शनिवार को ही हुई है। इसकी जानकारी लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।विरोध को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। लोगों कि मांग है कि दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। भाजपा नेता निर्मला देवी 20 साल से गौशाला का संचालन कर रही हैं। अभी गौशाला में 250 गाय हैं। कांग्रेस का आरोप है कि गौशाला का संचालन भाजपा नेता कई साल से कर रही हैं। निर्मला देवी खुद को भाजपा नेता बताती हैं।

गौशाला का संचालन प्रशासन ने अपने हाथ में लिया: घटना की जानकारी के बाद कलेक्टर अविनाश लवानिया समेत प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। विरोध कर रहे लोगों को अफसरों ने किसी तरह शांत कराया। लोगों का कहना है कि पखवाड़े भर में बड़ी संख्या में गायों की मौत हुई है। प्रशासन की टीम गायों के शव की गणना करने में जुटी है। कलेक्टर ने कहा कि गौशाला का संचालन फिलहाल प्रशासन ने अपने हाथ में ले लिया है।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश: कलेक्टर का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। गायों की मौत का कारण जानने के लिए कुछ गायों के शवों का परीक्षण भी कराया जाएगा। कलेक्टर लवानिया के साथ जिला पंचायत सीईओ विकास मिश्रा, जनपद सीईओ और स्थानीय अधिकारी भी वहां मौजूद रहे।वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण केदार सिंह मंडलोई ने बताया कि निर्मला पहले भाजपा में रही होंगी। पिछले 10 साल से न तो भाजपा की प्राथमिक और न ही सक्रिय सदस्य हैं।