एमपी के कृषि मंत्री ने पीएम मोदी को बताया भगवान का अवतार



भोपाल। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल का बयान सोशल मीडिया पर काफी वाइरल हो रहा है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए अत्याचार, भ्रष्टाचार और देश की संस्कृति के विनाश से बने निराशा के माहौल को खत्म करने के लिए भगवान राम और कृष्ण की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'भगवान के अवतारÓ के रूप में जन्म हुआ है।

उन्होंने कहा कि भगवान राम ने मानव के रूप में अवतार लिया था और राक्षस रावण को मारकर व अन्य बुरी शक्तियों को हराकर लोगों की रक्षा कर ''रामराज्य" की स्थापना की थी। उन्होंने आगे कहा कि कंस के अत्याचार बढ़े तो भगवान कृष्ण ने जन्म लिया और कंस की क्रूरताओं को समाप्त कर आम लोगों को राहत दिलाई। पटेल ने कहा हमारे धर्म और संस्कृति में कहा गया है कि जब भी भारत पर कोई संकट आया और अत्याचार बढ़े तो भगवान मानव के रूप में अवतार लेते हैं। इसी तरह जब कांग्रेस के अत्याचार बढ़े,भ्रष्टाचार बढ़ा, जातिवाद बढ़ा, देश की संस्कृति नष्ट हो गई और चारों और निराशा का माहौल व्याप्त था। तब इसे समाप्त करने के लिए नरेंद्र मोदी का जन्म हुआ।

कमल पटेल ने कहा कि ये असंभव कार्य हैं जिन्हें एक आम आदमी पूरा नहीं कर सकता है। यदि संभव होतो तो यह 60 वर्षो में हो सकता था। और इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एक अवतारी पुरुष हैं और उन्होंने असंभव कार्य किए हैं। वह भगवान के अवतार हैं। इससे पहले भी पटेल ने पिछले नवंबर माह में कहा था कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आदिवासी नायक टंट्या भील के अवतार है।