जिले के समस्त बूथों पर भाजपा बूथ विस्तारक योजना का करेगी क्रियान्वयन: जिलाध्यक्ष




हर बूथ को बनाया जायेगा डिजिटल व सक्षम, बूथ विस्तारक योजना पार्टी का सबसे बड़ा अभियान

काल चिंतन कार्यालय

वैढ़न,सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश ने श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी का जन्म शाताब्दी वर्ष जन्माष्टमी 2021 से जन्माष्टमी 2022 तक संगठन पर्व के रूप मे मनाने का निर्णय लिया है। जिसके अंतर्गत पार्टी द्वारा अनवरत रूप से अनेको सांगठनिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, इसी क्रम मे संगठन पर्व के तहत बूथ विस्तारक योजना प्रारंभ की गई है। आज भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों को सम्बोधित करे हुये जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल ने बूथ विस्तारक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

बूथ विस्तारक योजना के बारे में बताते हुये भाजपा  सिंगरौली जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि प्रदेश व्यापी इस बूथ विस्तारक योजनान्तर्गत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मंत्री, विधायक, समस्त जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं 20 हजार कार्यकर्ता आगामी 20 जनवरी से 30 जनवरी तक पूरे मध्यप्रदेश के 65 हजार बूथों पर जाकर हर बूथ को डिजिटल व सक्षम बनाने का कार्य करेंगें। पूरे प्रदेश के 65 हजार बूथों‌ पर 20 हजार कार्यकर्ता आगामी 10 दिनों तक प्रतिदिन 10 घंटे यानी कुल 20 लाख घंटे कार्य करेंगें। इस प्रकार ये बूथ विस्तारक योजना भारत के राजनैतिक इतिहास मे अब तक का पार्टी का सबसे बड़ा अभियान होने जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से हमारे समस्त बूथ डिजिटल होंगे तथा संगठन का कार्य विस्तार भी सम्पन्न होगा। संगठन के डिजिटलाइजेशन के लिये संगठन नाम का एप भी लांच किया गया है जिसके माध्यम से 65 हजार बूथों की जानकारी का संकलन होगा जिसमे बूथ समिति, पन्ना समिति तथा अन्य सभी जानकारियों का समावेश होगा। हमारे बूथ विस्तारक कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर संगठनात्मक विषयों पर संवाद करेंगें तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगें। जिले की तीनो विधानसभाओं के कुल 985 बूथों पर बूथ विस्तारकों की नियुक्ति संगठन द्वारा की गई है जोकि पूर्व से नियुक्त मंडल विस्तारकों के देखरेख मे अपने निर्धारित कार्यक्रम को सम्पन्न कर समस्त बूथों को डिजिटल एवं सशक्त बनाने मे अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। संगठन के दृष्टिकोण से समस्त ग्राम केंद्रों एवं नगर केंद्रों को अब शक्ति केंद्र के नाम से जाना जायेगा। हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन पर्व के तहत हर बूथ को‌ सक्षम बनाकर श्रद्धेय ठाकरे जी को श्रद्धांजलि देने का जो संकल्प लिया है उसमे निश्चित ही सफल होंगें तथा यह बूथ विस्तारक योजना भाजपा को सर्वव्यापी सर्वस्पर्शी बनाने के लिये मील का पत्थर साबित होगी।  प्रेस वार्ता के इस कार्यक्रम मे प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी योगेन्द्र श्रीवास्तव तथा सह मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार उपस्थित रहे।