चीन में मिले 3000 साल पुराने मकबरे



प्राचीन राजधानी में योद्धाओं के साथ दफन घोड़े भी मिले

बीजिंग। हमारे पडोसी देश चीन में सैकडों साल पुराने मकबरों में योद्धाओं और उनके घोड़ों के अवशेष मिले हैं। चीन की एक प्राचीन राजधानी में धनी कबीले के 3000 साल पुराने मकबरे मिले हैं। वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि योद्धाओं के अंतिम संस्कार के दौरान इन घोड़ो को उनके साथ ही जिंदा दफन किया गया था। 24 कब्रों का यह गलियारा चीन के हेनान प्रांत के आन्यांग शहर के भीतर एक पुरातात्विक स्थल पर खोजा गया है।

आन्यांग को चीन की प्राचीन राजधानी के नाम से जाना जाता है।आन्यांग शहर के केंद्र में यूनेस्को की विश्व धरोहर पुरातात्विक स्थल यिनक्सू स्थित है। इन कब्रों को यिनक्सू से 2.4 किलोमीटर की दूरी पर खोजा गया है। इस शहर के प्राचीन खंडहर शांग राजवंश की राजधानी यिन के प्राचीन शहर के हैं। इस राजवंश ने लगभग 1600 ई.पू. से 1046 ई.पू. के बीच चीन पर शासन किया था। इसे चीन में अब तक का सबसे पुराना राजवंश होने का दर्जा प्राप्त है।मकबरे के परिसर में कई गड्ढे मिले हैं। इनमें युद्ध रथ, घोड़ों के अवशेष और योद्धाओं के अवशेष शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, कुछ योद्धाओं को उनके बख्तरबंदों के साथ दफनाया गया था। जबकि घोड़ों के माथे पर सोने और कांस्य के आभूषणों से सजाया गया था।

पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के एक अध्ययन के अनुसार, शांग राजवंश के शासन के दौरान मालिक के मौत के बाद नौकर भी आत्महत्या कर लेते थे। वे अपने मालिक के मौत के समय खुद को भी जिंदा दफन करवा लेते थे। आन्यांग के पुरातत्वविदों ने लगभग दो वर्षों तक इस स्थल की खुदाई की है। अब तक उन्होंने 18 प्राचीन इमारतों की नींव, 24 कब्रों और छह रथों के अवशेष मिले हैं। शहर के सांस्कृतिक अवशेष और पुरातत्व संस्थान के निदेशक कोंग डेमिंग ने कहा कि यह आन्यांग की प्राचीन खोजों में बहुत दुर्लभ है, जो रथ मालिक की असाधारण स्थिति और शक्ति को दर्शाता है।