उत्तर में बर्फबारी से कांपा मध्य प्रदेश



भोपाल। उत्तर भारत में गिर रही बर्फ से मप्र कांप रहा है। प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है। नौगांव और ग्वालियर शहर में शुक्रवार रात सबसे ठंडी रही। नौगांव में 7 और ग्वालियर में तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल और जबलपुर में भी पारा 2.2 से 3.9 डिग्री तक लुढ़क गया। दमोह के न्यूनतम तापमान में 5.2, पचमढ़ी में 4.5, रीवा में 3.6 और सतना में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे ही रहा।उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर समेत उत्तरी भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश को अपने आगोश में ले लिया है। इस कारण दिन और रात दोनों ही सर्द हो गए हैं। खासकर रात के तापमान में खासी गिरावट आ रही है। शुक्रवार की रात में यह गिरावट 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गई।

भोपाल में जलने लगे अलाव: राजधानी में एक सप्ताह के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट हुई है। इससे अलाव जलने लगे हैं। शुक्रवार की रात यहां तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। शहर में शनिवार सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं। जबलपुर में तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां गुरुवार रात की तुलना में शुक्रवार रात के तापमान में 3.9 डिग्री की गिरावट हुई। इंदौर में पारा 0.5 डिग्री बढ़ गया। गुरुवार रात में तापमान 14.6 डिग्री था, जो शुक्रवार की रात में 15.1 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में भी 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इन जिलों में भी लुढ़का पारा: मौसम केंद्र, भोपाल के अनुसार नौगांव में तापमान 7, पचमढ़ी में 7.5, उमरिया में 8.4, गुना, रायसेन और रीवा में 8.6, खजुराहो और टीकमगढ़ में 8.8, राजगढ़ में 9.1, सागर में 9.4, सतना में 9.6, शाजापुर में 10.5, दमोह में 10, नरसिंहपुर में 10.2 और सिवनी में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आगे ऐसा रहेगा मौसम: उत्तर भारत के कई हिस्सों में लगातार बर्फ गिर रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में रात के पारे में और भी गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात के साथ दिन के तापमान में भी कमी आएगी।