छ: माह से लापता नाबालिग बालिका को बाल कल्याण समिति ने परिजनों को सौंपा



काल चिंतन कार्यालय

वैढ़न,सिंगरौली।  छ: माह से बिछुड़ी नाबालिग बालिका को बाल कल्याण समिति सिंगरौली द्वारा परिजनों को सौपा गया ।  जानकारी के अनुसार  गत छ: माह से परिजनों से बिछुड़ी हुई नाबालिग बालिका उम्र 13 वर्ष निवासी ग्राम व पोस्ट घोघरा,तहसील चितरंगी  जिला सिंगरौली  विगत  छ: माह पहले अपने मौसी घर  घूमने गयी थी, जहा वह भटककर दुर्गावती कैमूर बिहार चली गयी थी।  जिसकी सूचना पर बाल कल्याण समिति द्वारा बालिका की गृह वापसी के लिए कार्रवाई की गई और परिजनों की खोजबीन कर संपर्क किया गया। बाल  कल्याण समिति  सिंगरौली की अध्यक्ष श्रीमती जयमाला शर्मा व सदस्यों द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश राम  गुप्ता,  जिला बाल संरक्षण  अधिकारी नीरज शर्मा  एवं विधि व परिवीक्षा अधिकारी कुमार वैभव गुप्ता  से समन्वय  कर बाल कल्याण समिति कैमूर भभुआ से सम्पर्क स्थापित कर बालिका की गृह वापसी की कार्रवाई की  गयी।  उक्त नाबालिग बालिका  को बाल कल्याण समिति कैमूर  द्वारा गत दिवस बाल कल्याण समिति सिंगरौली के समक्ष प्रस्तुत किया गया।  समिति द्वारा बालिका के परिजनों से सम्पर्क कर  समिति के  समक्ष बुलाया गया। जहा समिति की अध्यक्ष श्रीमती जयमाला  शर्मा एवं सदस्यगण रामदयाल पाण्डेय, अखिलेश कुमार द्विवेदी, विनोद सिंह परिहार, श्रीमती आरती पाण्डेय  द्वारा  बालिका के  संरक्षण, पोषण और शिक्षा, स्वास्थ्य को लेकर  उसके परिजनों की काउंसिलिंग की गई। समिति द्वारा  किशोर न्याय (बालकों के देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 अधिनियम क्रमांक 2 सन 2016 के तहत  बालिका  के सर्वोत्तम हितों को ध्यान में रखते हुए उसे परिजनों को  सुपुर्द किया गया।  बिछडी  हुई  बालिका  को अपने बीच पाकर परिजन  भावविभोर हो गए। और  समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।