माफिया को संरक्षण देती थी बुआ-भतीजे की सरकार, अब पलायन को मजबूर: गृहमंत्री



लखनऊ। यूपी में कुछ ही दिनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। चुनाव को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी पार्टी के लिए माहौल बना रहा है। देश के गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा-निषाद पार्टी की संयुक्त रैली को संबोधित किया। रैली में आई भीड़ को देखकर शाह उत्साहित दिखे। मंच से अमित शाह ने कहा प्रदेश भर से जो निषाद उमड़ कर आए हैं वो बताता है कि 2022 में 300 पार के साथ भाजपा और एनडीए की सरकार बनने जा रही है।अमित शाह ने कहा कि 2019 के चुनाव में संजय निषाद भाजपा के साथ जुड़े और निषाद समाज गांव-गांव से निकलकर हर बूथ पर जाकर कमल का संदेश लेकर गया। शाह ने कहा कि देखते-देखते दो तिहाई बहुमत से मोदी जी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम किया।

विरोधियों पर शाह का हमला

अमित शाह ने विरोधी दलों पर जमकर हमला भी बोला। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि सपा, बसपा की बुआ-भतीजे की सरकारें माफियाओं का संरक्षण करती थीं, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सारे माफिया उत्तर प्रदेश छोड़कर पलायन कर गए। शाह ने कहा कि प्रदेश में माफिया, गुंडों का राज होता है, वहां गरीब का विकास कभी नहीं होता। गरीब का विकास तभी होता है जब कानून का राज हो। सपा-बसपा की सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थी। योगी जी की सरकार में सारे माफिया पलायन कर गये हैं।शाह ने कहा कि मैं आप सभी को पूछना चाहता हूं कि सपा, बसपा, कांग्रेस ने कई वर्षों तक देश और प्रदेश में शासन किया, आपको क्या दिया? शाह ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर उठाने के लिए गैस, शौचालय, घर, स्वास्थ्य बीमा जैसी अनेक सुविधाएं दी। सपा, बसपा, कांग्रेस ने कई वर्षों तक देश और उत्तर प्रदेश में शासन किया, लेकिन गरीबों के घर में न रसोई गैस पहुंची, न शौचालय बना। शाह ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा की सरकारें बनी, तो उन्होंने सिर्फ अपनी जाति के लोगों के लिए काम किया। सभी पिछड़ी जातियों, सभी गरीबों के हित में काम नरेंद्र मोदी जी ने किया है।