किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर उन्मुख करने हेतु पीएम मोदी ने वर्चुअली किया सम्बोधित




किसान मोर्चा द्वारा कृषि मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सुना गया पीएम मोदी का सम्बोधन



वैढ़न,सिंगरौली। गुजरात के आणंद मे चल रहे तीन दिवसीय शून्य बजट पर प्राकृतिक कृषि कार्यक्रम को आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चे द्वारा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण का आयोजन कृषि मंडी प्रांगण मे हुआ, जिसमे भाजपा किसान मोर्चे के साथ साथ भारी संख्या मे किसान सम्मिलित हुये। जिला सह मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैश्य उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद चौबे ने की, विशिष्ट अतिथि के रूप मे पूर्व विधायक देवसर एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र मेश्राम उपस्थित रहे।

       गुजरात के आणंद मे आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यशाला क मुख्य उद्देश्य भारत के किसानों को प्राकृतिक कृषि की ओर प्रेरित करना था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के किसानों को‌ संबोधित करते हुये कहा कि आज के परिवेश वे भारतीय कृषि पूरी तरह रासायनिक पद्धति पर आश्रित हो चुकी है जिसका भयावह दुष्परिणाम हम‌ सब के‌ समक्ष है। जमीन की उर्वरता लगातार घटती जा रही है, भूमिगत जल समाप्त होता जा रहा है , अंधाधुंध रासायनिक कीटनाशकों के दोहन से खाद्य गुणवत्ता विषैली होती जा रही है। प्रधानमंत्री जी ने आने वाली विभीषिका से अवगत कराते हुये‌ कहा कि इस प्रकार रासायन आधारित कृषि के दुष्परिणाम से अगर जमीन की उर्वरा शक्ति ही समाप्त हो गई तो कल्पना कीजिए वह कितनी बड़ी आपदा होगी । आज रासायनिक कृषि के कारण ही कृषि लागत लगातार बढ़ रही है और कृषि लाभ का धंधा नहीं रह गया। इन‌ सभी समस्याओं से हमे प्राकृतिक कृषि ही बचा सकती है। प्राकृतिक कृषि के लिये सारे संसाधन हमारे पास ही उपलब्ध हैं। देशी गाय के‌ गोबर से बनी खाद, प्राकृतिक केचुये से बनी खाद का उपयोग कर‌ हम रासायनिक उर्वरकों के दुष्परिणाम से बच सकते‌ हैं। रासायनिक उर्वरकों के बहिष्कार और जैविक उर्वरकों प्रयोग से हम जमीन की खोई हुई उर्वरा शक्ति पुन: प्राप्त कर‌ सकते‌ हैं। प्राकृतिक कृषि ही हमारी कृषि लागत को शून्य कर सकती है तथा खाद्य गुणवत्ता बढा़ने के लिये महत्वपूर्ण घटक साबित हो सकती है। कार्यक्रम को गृह मंत्री अमित शाह एवं‌‌ गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी संबोधित किया। कृषि मंडी प्रांगण मे आयोजित कार्यक्रम मे मुख्य रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुंदर लाल शाह, जिला महामंत्री राजकुमार दुबे, पिछडा़ वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य, वरिष्ठ कार्यकर्ता संपत शाह, मीना चौबे, आशा गुप्ता , भरत गुप्ता, तथा बडी संख्या मे किसान उपस्थित रहे।