बर्फीली हवाओं की वजह से ग्वालियर पचमढ़ी से भी हुआ ठंडा,पारा 5.5 डिग्री तक लुढ़का



भोपाल। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से सर्द हवा आ रही है और मध्यप्रदेश के कई जिलों में ठंड का असर बढ़ गया है। ग्वालियर तो इस बार पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा है। रविवार रात यहां पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 7.4 तापमान रहा। प्रदेश के 11 शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे ही रहा। भोपाल में तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। एक रात पहले तापमान 10.4 डिग्री था। वन विहार में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर लगाए गए हैं। तखत और घास भी बिछाई गई है।पिछले एक सप्ताह से बर्फीली हवाओं ने प्रदेश को आगोश में ले रखा है। इस कारण रात के तापमान में खासी गिरावट आई है। कुछ जिलों में दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। चार प्रमुख शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर की बात करें तो यहां पर दिन का तापमान 23.8 डिग्री से लेकर 27.6 डिग्री तक पहुंच गया है। ग्वालियर में रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट हो रही है। रविवार को यहां पर अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

ठंड के बचने के हो रहे जतन: भोपाल में शनिवार रात तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वहीं, रविवार रात में यह 12.9 डिग्री रहा। दिन का तापमान 26 डिग्री के आसपास चल रहा है। इस कारण लोग ठंड से बचने के जतन कर रहे हैं। अलाव जलाने के साथ ही दूध-जलेबी, गजक आदि का लुत्फ उठाया जा रहा है।

नौगांव में भी तापमान 5.5 डिग्री: रविवार रात में प्रदेश के ग्वालियर के साथ ही नौगांव में भी तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उमरिया में 6.8, खजुराहो में 7.0, रीवा में 7.4, पचमढ़ी में 7.4, टीकमगढ़ में 8.3, सतना में 8.9, सिधी में 9.2, दमोह में 9.5, मंडला में 9.5 और रायसेन में पारा 9.6 डिग्री रहा। इसी तरह गुना में 10.1, नरसिंहपुर में 10.4, छिंदवाड़ा में 10.5, सागर में 10.9, राजगढ़ में 11.4, खरगोन में 12, रतलाम में 12.2, बैतूल में 12.2, धार में 12.5, शाजापुर में 13.5 और होशंगाबाद में 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।