मप्र में 24 घंटे में 48 केस; इनमें 37 को दोनों डोज लगे थे; एक महिला चार डोज वाली भी



 भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 48 केस सामने आए हैं। इसमें से 37 को वैक्सीन के दोनों डोज लगे हुए हैं। इंदौर लौटी एक महिला दुबई में चार डोज लगवा चुकी थी, वह भी संक्रमित पाई गई है। उसका देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर टेस्ट हुआ था।ताजा आंकड़ों में सबसे ज्यादा इंदौर में 32 पॉजिटिव आए हैं। भोपाल में 6 मरीज मिले हैं। यहां दुबई से लौटा एक व्यक्ति संक्रमित आया है, जिसकी जीनोम सिक्वैसिंग के लिए सैंपल भेज दिया गया है। उज्जैन, झाबुआ और जबलपुर में 2-2 एवं नरसिंहपुर, ग्वालियर, खरगोन और रतलाम में 1-1 मरीज मिले हैं। बाकी कुछ अन्य जिलों से केस है।कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के प्रदेश में अब तक 9 मरीज मिले हैं। इसमें से 7 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 307 पहुंच गई है। प्रदेश में 28 दिनों में 631 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर में 279 और भोपाल में 211 शामिल हैं। भोपाल में अभी 72 एक्टिव केस हैं। इनमें 58 होम आईसोलेशन में और 14 अस्पताल में भर्ती हैं।

इंदौर में अब कोरोना डराने लगा है। बीते 24 घंटे में 32 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। एक दिन पहले ही 27 केस सामने आए थे। प्रदेश में मिलने वाले केसों में आधे से ज्यादा इंदौर में ही आ रहे हैं। यह स्थिति दिसंबर महीने के शुरुआत से ही बनी हुई है।सबसे ज्यादा चौंकाने वाला मामला एयरपोर्ट पर आया है। देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर बुधवार को रेंडम चेंकिग के दौरान उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी। महिला दुबई में चार डोज लगवा चुकी थी। महिला ने अपने मोबाइल में अधिकारियों को 31 जनवरी, 2 मार्च, 18 जुलाई और 8 अगस्त को वह सीनोफार्म और फाइजर के डोज लगवाने का सर्टिफिकेट भी दिखाया।भोपाल में दुबई से लौटा कोलार निवासी एक 29 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित आया है। उसमें कोई लक्षण नहीं हैं। वह अभी होम आईसोलेशन में है। स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में आने वाले 7 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इसके अलावा भी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।प्रदेश में 7 लाख 93 हजार 809 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 969 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 533 की जान जा चुकी है। मंगलवार को 26 मरीज ठीक हुए हैं। करीब 63 हजार सैंपल जांच करने लिए गए हैं। रिकवरी रेट 98प्रतिशत से अधिक है। पॉजिटिविटी दर 0.08प्रतिशत है।