फायरिंग में 13 लोगों की मौत से नागालैंड में बवाल



भड़के लोगों ने की आगजनी और तोड़फोड़, एसआईटी जांच के आदेश,मुख्यमंत्री ने नेफियू रियो ने लोगों से शांति की अपील की

कोहिमा। नागालैंड में बीती शाम फायरिंग की घटना हुई। बताया जा रहा है कि इस फायरिंग में 13 नागरिकों की जान चली गई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। इस घटना के बाद पूर्वोत्तर राज्य में बवाल मच गया है। लोग भड़क गए हैं। लोगों ने इसके बाद आगजनी और तोड़फोड़ की है। यह घटना नागालैंड के मोन जिले के ओटिंग की है। गुस्साए लोगों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों में भी आग लगा दी है। नागालैंड का ओटिंग म्यांमार से सटे बॉर्डर पर पड़ता है।घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने नेफियू रियो ने शांति की अपील की है। घटना को मुख्यमंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और देश के कानून के अनुसार न्याय होगा। जानकारी यह भी है कि इस घटना में एक जवान की भी मौत हो गई है। दूसरी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर संवेदना व्यक्त की है। अमित शाह ने कहा कि नागालैंड के ओटिंग में दुर्भाग्यपूर्ण घटना से व्यथित हूं। घटना में जिन्होंने अपनी जान गंवाई मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय एसआईटी शोक संतप्त परिवारों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस घटना की गहन जांच करेगी।जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि उस जगह पर उग्रवादी संगठन के लोग हो सकते हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी के मद्देनजर सुरक्षा बल ऑपरेशन प्लान कर रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी वहां से गुजरी। सुरक्षाबलों ने उस गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की। लेकिन वह गाड़ी नहीं रुकी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने फायरिंग कर दी। बाद में पता चला कि यह कोई उग्रवादी नहीं बल्कि वहां के आम नागरिक है। इस घटना के बाद ग्रामीण गुस्सा से भड़क गए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।