जाने कहां के युवा नहीं करना चाहते शादी



एजेंसी,बीजिंग। चीन में गिरती जन्म दर के अलावा कम लोग शादी कर रहे हैं, इससे दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में जनसांख्यिकीय संकट तेज हो गया है। हाल में जारी चीन स्टैटिस्टिकल ईयरबुक 2021 के आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है।इसमें कहा गया है कि लगातार सात वर्षों से चीन में विवाह पंजीकरण की संख्या में कमी आई है। जिससे यह पिछले 17 साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है। चीन में 2021 की पहली तीन तिमाहियों में कुल 58.7 लाख जोड़ों ने शादी की। जो पिछले साल की समान अवधि से थोड़ा कम है। चीन के सरकारी अखबार चाइना डेली ने बुधवार को बताया कि आशंका है कि 2021 में चीन में विवाह पंजीकरण की संख्या में गिरावट जारी रहेगी। स्टैटिस्टिकल ईयरबुक के अनुसार यह गिरती जन्म दर का एक और कारण है।चीन में पिछले साल जन्म दर 0.852 प्रतिशत थी, जो 1978 के बाद पहली बार एक प्रतिशत से नीचे है। जनसांख्यिकीय संकट गहराता देख चीन ने दशकों पुरानी एक शिशु की नीति को खत्म कर 2016 में सभी जोड़ों को दो बच्चे पैदा करने की अनुमति दी। जबकि इस साल नीति में संशोधन कर दंपतियों को तीन बच्चों की अनुमति दी गई है। तीसरे बच्चे की अनुमति देने का निर्णय हाल में एक दशक में हुई जनगणना के बाद लिया गया। आधिकारिक अनुमानों के बीच चीन की आबादी सबसे धीमी गति से बढ़ रही है। यहां आबादी 1.412 अरब हो गई है।

 युवाओं में विवाह को लेकर दिलचस्पी घटी: विशेषज्ञ ने बताया कि काम के अत्यधिक दबाव और महिलाओं की शिक्षा के स्तर में सुधार तथा आर्थिक स्वतंत्रता जैसे कारणों से युवाओं में विवाह को लेकर दिलचस्पी भी घटी है। उन्होंने कहा कि एक अन्य प्रमुख कारण पुरुष और महिला जनसंख्या का असंतुलित अनुपात है। चीन में, सातवीं राष्ट्रीय जनगणना के अनुसार पुरुषों की संख्या महिलाओं से 3.49 लाख अधिक है। याफू ने कहा कि इनमें विवाह योग्य उम्र की महिलाओं की तुलना में 20 वर्ष की आयु में 1.75 लाख अधिक पुरुष हैं।