दीदी ने मेघालय मे कांग्रेस के साथ कर दिया खेला




CM मुकुल संगमा समेत पार्टी के 17 में से 12 विधायक तृणमूल में शामिल, बिना चुनाव विपक्षी दल बना TMC


इंफाल।पूर्वोत्तर के राज्य मेघालय में कांग्रेस को तृणमूल कांग्रेस ने बड़ा झटका दिया है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा समेत पार्टी के 12 विधायकों ने गुरुवार को TMC का दामन थाम लिया है। राज्य में कांग्रेस के 17 विधायक चुने गए थे। मेघालय में बिना चुनाव लड़े ही टीएमसी अब मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है। चूंकि पार्टी के दो तिहाई से ज्यादा विधायकों ने पाला बदला है। ऐसे में उन पर दलबदल का कानून लागू नहीं होगा।  विन्सेंट एच. पाला को मेघालय प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रमुख बनाए जाने के बाद से संगमा नाराज चल रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, मुकुल संगमा ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी से सितंबर में मुलाकात की थी। इसके बाद ही पूर्वोत्तर के के इस राज्य में कांग्रेस को बड़ा नुकसान होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। ममता दीदी 22 से 25 नवंबर तक दिल्ली दौरे पर हैं। मंगलवार को ही तीन बड़े नेताओं को ममता ने पार्टी जॉइन कराई। सबसे पहले JDU के सांसद रह चुके पवन वर्मा ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद पत्नी पूनम आजाद के साथ ममता के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके चंद घंटे बाद ही हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद रह चुके अशोक तंवर भी ममता से मिले और TMC में शामिल हो गए। तंवर कभी राहुल के करीबियों में गिने जाते थे। ममता कीर्ति आजाद और अशोक तंवर के सहारे बिहार और हरियाणा में पार्टी संगठन को मजबूत करने का प्लान बना रही हैं।