पद का नाजायज फायदा उठा रहे हैं गृहमंत्री: दिग्विजय सिंह




दतिया । मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज केन्द्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होने कहा प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के कारण आज महंगाई है। बढ़ती महंगाई से आम आदमी त्रस्त है। भाजपा लोगों पर झूठे मुकदमे लगाना बंद कर दे, वरना अब कांग्रेस आ रही है। उन्होंने मंच से ही भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा का नकली चेहरा उजागर हो गया है।उन्होंने कहा कि गृह मंत्री राजनीति के स्तर को इतना नीचे न गिराए। दिग्विजय सिंह ने एक अन्य जन संवाद कार्यक्रम में कहा कि वे भी 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं लेकिन कभी भी उन्होंने किसी बदले की भावना से भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित नही किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नरोत्तम मिश्रा गृह विभाग के मुखिया होने का नाज़ायज़ फायदा उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं. वे हर परिस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हैं और दतिया क्षेत्र के स्थानीय विधायक नरोत्तम मिश्रा को भी ये ध्यान रखना चाहिए कि बीजेपी सरकार हमेशा नही रहने वाली और न ही वे हमेशा गृह मंत्री रहेंगे।

सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर जगह उज्ज्वला योजना के पोस्टर्स लगा रखे हैं। लेकिन असल में तो गैस की टंकी कोने में सजा के रखी हुई है। घर में चूल्हे में ही खाना बनाया जा रहा है। क्योंकि गैस इतनी महंगी है कि टंकी भराने के लिए पैसे ही नहीं है। बड़े बड़े कारखानों को मुनाफा हो इसलिए सरकार ने खाने के तेल पर 17त्न की टैक्स ड्यूटी को बढ़कर 45प्रतिशत कर दिया। इसलिए 200 रुपए लीटर सरसो का तेल बिका।