स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में नगर पंचायत चोपन जिले में प्रथम व मंडल में पाया दूसरा स्थान

काल चिंतन संवाददाता चोपन,सोनभद्र।  स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार द्वारा करवाए गए स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में नगर पंचायत चोपन ने जिले में पहला स्थान व मंडल में दूसरा स्थान हासिल किया है। जबकि पिछले वर्ष कुछ अंको से नगर पंचायत चूक गया था परंतु नगर पंचायत कर्मियों का स्वच्छता के प्रति संघर्ष जारी था जिसका नतीजा जनता के सामने है। उल्लेखनीय है कि लगभग 15 हजार की आबादी वाले नगर में 11 वार्ड हैं। यहां पर 35 सफाई कर्मी कार्यरत है जिनकी बदौलत नगर को साफ-सुथरा व स्वच्छ बनाने में अहम योगदान रहता है। ट्रैक्टर-ट्राली, कूड़ा गाड़ी,कूड़ा कंटेनर,जेसीबी आदि नगर पंचायत के पास मौजूद हैं। इनकी मदद से शहर के सभी वार्डों में से घर-घर जाकर कूड़ा इक_ा किया जाता है। चेयरमैन फरीदा बेगम ने इस उपलब्धि को नगरवासियों के सहयोग व संकल्प की देन बताया कहा की यह स्वच्छता कर्मचारियों और अधिकारियों की मेहनत का नतीजा है तथा यह नगरवासियों के सहयोग से ही संभव हुआ है। परिणाम की घोषणा होते ही कर्मचारियों ने प्रसन्नता जताई। अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि नगर पंचायत को सफाई कर्मियों की बदौलत यह रेटिंग मिल पाई है। लॉक डाउन के दौरान भी सफाई कर्मी मुस्तैदी के साथ कोरोना व अपने परिवार का परवाह किये बगैर दिन रात सफाई में लगे रहते थे जिसका नतीजा आप सभी के सामने है। नगर पंचायत के इस सफलता के लिए चेयरमैन प्रतिनिधि उस्मान अली ने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा की इसके लिए नगर पंचायत कर्मी बधाई के पात्र है।