वाराणसी / प्रियंका ने कहा- सीएए देश और संविधान को तोड़ने वाला कदम; जो छात्र इसके खिलाफ खड़े हुए, उनकी आभारी


वाराणसी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को वाराणसी पहुंचीं। प्रियंका ने कहा- सरकार ने जो किया है, वह संविधान को तोड़ने वाला, देश को तोड़ने वाला है। बच्चे उसके खिलाफ खड़े हैं। मैं उनकी आभारी हूं। उन्होंने कहा- पुलिस ने सीएए का विरोध कर रहे छात्रों से दुर्व्यवहार किया है। मासूम बच्चों पर गलत धाराएं लगाईं। पीड़ित बच्चे यूनिवर्सिटी के छात्र हैं न कि दंगाई। छात्र शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे इन पर गर्व है।


इससे पहले प्रियंका ने एयरपोर्ट से राजघाट के रास्ते में गाड़ी रोककर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। रविदास मंदिर में पूजा की। वे श्रीमठ से निकलकर नाव से ललिताघाट पहुंचीं। लोगों से मुलाकात की और बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। हालांकि, इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया को मंदिर से दूर रखा गया, जिसका कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाया कि वे उन्हें प्रियंका से मिलने नहीं दे रहे।


प्रियंका ने कहा- छात्रों ने संघर्ष किया है और करते रहेंगे


प्रियंका ने कहा- पुलिस ने मासूम बच्चों को 15 दिन तक जेल में रखा। मैं चंपक के पिता रवि और मां एकता से भी मिली। डीएम और पुलिस अधिकारियों का कैसा बर्ताव रहा, यह भी बताया। वे कौन सा नारा उस समय उपयोग कर रहे थे। यह भी सुनाया। छात्रों ने संघर्ष किया है और करते रहेंगे। वे देश की आवाज उठा रहे हैं।

नाव से पंचगंगा श्रीमठ पहुंचीं
करीब आधे घंटे मंदिर में रहने के बाद प्रियंका नाव से पंचगंगा घाट स्थित श्रीमठ पहुंचीं। यहां उन्होंने सीएए विरोध के दौरान गिरफ्तार चंपक के माता-पिता एकता और रवि से मुलाकात की। 19 दिसंबर को बेनियाबाग में सीएए के विरोध में निकली रैली में एकता-रवि समेत 56 लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। 13 दिन बाद उन्हें जमानत मिली। इस दौरान 14 महीने की बच्ची चंपक रिश्तेदारों के पास रही थी। यह मामला मीडिया की सुर्खियों में था। 


इसके अलावा प्रियंका ने मठ में बीएचयू के छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने संपूर्णानंद संस्‍कृत विवि में छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई के विजयी प्रत्‍याशियों से भी मुलाकात की।


प्रियंका का काशी का चौथा दौरा


पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले जनवरी में प्रियंका को कांग्रेस का महासचिव बनाया गया था। तब से उनका चौथा वाराणसी दौरा है। प्रियंका के दौरे को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट है। पूर्व विधायक अजय राय के मुताबिक, प्रियंका वाराणसी में करीब तीन घंटे रहेंगी। 


प्रियंका इससे पहले 19 जुलाई को वाराणसी आई थीं। उन्होंने सोनभद्र के उंभा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हत्याकांड के पीड़ितों से बीएचयू के ट्रामा सेंटर में मुलाकात की थी। उससे पहले प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव के दौरान 16 मई को कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के लिए रोड शो करने आयी थीं। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान 20 मार्च को वे गंगा यात्रा करते हुए प्रयागराज से वाराणसी पहुंची थीं।