तिहाड़ / प्रियंका गांधी ने कहा- जेल में बंद चंद्रशेखर को तत्काल इलाज की जरूरत, एम्स भेजे सरकार


नई दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण को बिना कारण जेल में रखने का आरोप लगाया है। रविवार को उन्होंने ट्वीट किया कि तबियत खराब होने पर भी चंद्रशेखर को इलाज कराने की इजाजत नहीं दी जा रही। प्रियंका ने चंद्रशेखर को एम्स भेजने की मांग की। 20 दिसंबर को दिल्ली में जामा मस्जिद के पास बिना अनुमति रैली निकालने के मामले में पुलिस ने चंद्रशेखर को 21 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। वह तब से ही तिहाड़ जेल में बंद हैं।


भीम आर्मी के सदस्य कुश अंबेडकरवादी ने शनिवार को चंद्रशेखर से मुलाकात के बाद कहा था कि उन्हें इलाज की जरूरत है। चंद्रशेखर के डॉक्टर हरजीत सिंह भाटी के मुताबिक उन्हें एक ऐसी गंभीर बीमारी है जिसमें हर दो हफ्ते पर 'फ्लेबोटोमी' करना यानि खून बदलना होता है। अगर यह प्रक्रिया जल्द नहीं की गई, तो उनके शरीर का खून गाढ़ा हो सकता है और दिल का दौरा पड़ सकता है।


प्रियंका ने कहा- चंद्रशेखर को जेल में रखना गलत


प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''केंद्र सरकार अपने खिलाफ उठने वाले आवाज को दबाने की नीति अपना रही है। यह अमानवीय और शर्मनाक है। चंद्रशेखर को जेल में रखने का कोई आधार नहीं है। बीमार होने पर भी इलाज कराने से इनकार किया जा रहा है। उन्हें इलाज के लिए तुरंत एम्स भेजा जाना चाहिए।''


तिहाड़ के डॉक्टर बोले- हम नियमित चैकअप कर रहे


इलाज के लिए एम्स भेजे जाने की मांग पर तिहाड़ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जेल लाने से पहले चंद्रशेखर की पूरी जांच की गई थी। वे  बिल्कुल स्वस्थ हैं। जेल के डॉक्टर उनकी नियमित जांच कर रहे हैं, इसमें ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। अगर ऐसी कोई स्थिति पैदा होगी, तो तुरंत समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।