रंग बिरंगे फूलों से महकी हिण्डाल्को में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी


हिण्डाल्को में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन, चार संस्थानों ने किया प्रतिभाग


हिण्डाल्को में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में प्रकृति को सहेजने के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


 रेणुकूट। हिण्डाल्को गार्डन विभाग के सौजन्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन हिण्डाल्को टेनिस लॉन में किया गया। हिण्डाल्को के मुख्य सुरक्षा अधिकारी व नगर प्रशासक कर्नल (से.नि.) संदीप खन्ना के निर्देशन में आयोजित इस पुष्प प्रदर्शनी में इस वर्ष हिण्डाल्को रेणुकूट, रेनूसागर पावर डिवीजन, ग्रासिम इंडस्ट्रीज़ रेणुकूट एवं हाईटेक कार्बन रेणुकूट के 77 प्रतियोगियों ने प्रतिभाग किया। इन प्रतिभागियों द्वारा कुल 158 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।


पुष्प प्रदर्शनी में पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि हिण्डाल्को रेणुकूट क्लस्टर के सीओओ एसएन जाजू एवं विशिष्ट अतिथि हिण्डाल्को रेणुकूट क्लस्टर के मानव संसाधन प्रमुख सतीश आनंद का कार्यक्रम में गार्डन विभाग के बिजेन्द्र कुमार शर्मा ने पुष्पुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिये प्रदर्शित किये गए रंगबिरंगे फूलों, बोनसाई, बिड़ला हाउस एवं विभिन्न जीव जन्तुओं के मॉडल का अवलोकन कर इन्हें तैयार करने वाले संस्थान के मालियों के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, पुष्प प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रकृति को सहेजने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।


रश्मी आनंद, सुमन एलेक्जेंडर, संगीता उपाध्याय ने निर्णायकों की भूमिका का बखूबी निर्वहन करते हुए विजेताओं का चयन किया। विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान पर रहे हिण्डाल्को रेणुकूट को सर्वाधिक 9 प्रथम व 7 द्वितीय एवं 4 तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुए।दूसरे स्थान पर रहे ग्रासिम इंडस्ट्रीज़ ने 8 प्रथम, 6 द्वितीय, 5 तृतीय तथा 1 सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान पर रहते हुए रेनुसागर पावर डिवीजन ने 2 प्रथम, 4 द्वितीय, 6 तृतीय तथा 8 सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किये। चौथे स्थान पर रहे हाईटेक कार्बन ने 1 प्रथम, 3 द्वितीय, 5 तृतीय एवं 11 सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किये। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि एसएन जाजू, सतीश आनंद ने पुरस्कार देकर सम्मानत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एसपी सिंह ने किया। गार्डन विभाग के उदय शंकर श्रीवास्तव व अन्य कर्मचारियों ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।