महाराष्ट्र / मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हादसे में शबाना आजमी गंभीर रूप से जख्मी, जावेद अख्तर भी उनके साथ कार में मौजूद थे


मुंबई. अभिनेत्री शबाना आजमी (69) शनिवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। शबाना के सिर और हाथ में चोट आई है। जावेद अख्तर भी कार में उनके साथ थे, उन्हें कोई चोट नहीं आई है। शबाना को नवी मुंबई के एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।


रायगढ़ के एसपी अनिल पारास्कर के मुताबिक, हादसा मुंबई से करीब 60 किलोमीटर दूर दोपहर साढ़े 3 बजे खालापुर टोल नाके पर हुआ। शबाना आजमी और जावेद अख्तर पुणे से मुंबई लौट रहे थे।


जावेद ने कहा- आपकी दुआओं की जरूरत है


जावेद अख्तर ने कहा कि शबाना को ट्रामा वार्ड में शिफ्ट किया गया है। वे गंभीर रूप से जख्मी हैं और आपकी दुआओं की जरूरत है। यह बातचीत करने का वक्त नहीं है कि हादसे में किसकी गलती थी। ड्राइवर भी बयान देने की स्थिति में नहीं है।


शबाना का फिल्मी और सामाजिक सफर
शबाना ने 1973 में श्याम बेनेगल की 'अंकुर' फिल्म से करियर का आगाज किया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। 'अर्थ', 'खंडहर' और 'पार' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता। इसके बाद उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में नई पहचान बनाई। एड्स के प्रति जागरुकता फैलाने में शबाना ने अहम भूमिका निभाई। वे 1997 में राज्यसभा की सदस्य मनोनीत की गई थीं।