जेपी नड्डा फरवरी में संभालेंगे बागडोर


नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यकाल पिछली जनवरी में ही समाप्त हो गया था। लोकसभा चुनाव को करीब देख शाह से पद पर बने रहने को कहा गया था। आम चुनाव और इसके बाद शाह के बतौर गृह मंत्री मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद जेपी नड्डा कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे। अब चर्चा है कि जेपी नड्डा ही पार्टी के अगले अध्यक्ष होंगे। वह फरवरी में पार्टी की बागडोर संभाल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर जेपी नड्डा की ताजपोशी 19 फरवरी को होगी। माना जा रहा है कि 19 फरवरी तक भाजपा की 80 फीसदी से अधिक राज्य इकाइयों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। सूत्रों की मानें तो जेपी नड्डा का 11वां अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।