जंगल से पत्थलगड़ी विरोधियों के पांच शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी


- सोनुवा, गुदड़ी इलाके में दो अन्य शवों की तलाश जारी
रांची । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती इलाके से पुलिस ने बुधवार सुबह जंगल से पत्थलगड़ी विरोधियों के पांच शवों को बरामद कर लिया, वहीं दो अन्य लोगों की खोजबीन के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पत्थलगड़ी मामले में पहली बार इस तरह की हिंसक घटना हुई है और दो पक्षों के बीच झड़प के बाद लोगों की जान चली गयी है।
पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा की देखरेख में सोनुवा और गुदड़ी इलाके में पुलिस टीम मंगलवार से ही अपहृत लोगों की खोजबीन में जुटी है। इसी क्रम में पांच लोगों का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। देर शाम तक पुलिस सर्च ऑपरेशन समाप्त होने के बाद सही तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। वहीं घटना के बाद से पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
घटना के संबंध में यह बात सामने आयी है कि गुदड़ी प्रखंड अंतर्गत बुरुगुलीकेरा गांव में पत्थलगड़ी समर्थक और विरोधियों के बीच 17 जनवरी को हिंसक झड़प के बाद रविवार को गांव में बैठक हुई थी, जिसमें पत्थलगड़ी का विरोध करने वाले उप मुखिया समेत सात लोगों की जमकर पिटाई की गयी और फिर उन्हें जंगल की ओर ले जाया गया था। उपमुखिया समेत अन्य अपहृतों के परिजन हत्या कर दिये जाने की आशंका व्यक्त कर रहे थे और पुलिस को सूचना दी गयी थी। पुलिस ने छानबीन के बाद सात में से पांच लोगों के शव को बरामद कर लिया है। हालांकि इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।