धरमपुरी में हुई इज्तेमाई शादी, 34 जोड़ोंं का हुआ निकाह


 चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. साधौ भी हुई शामिल
धार/इन्दौर। चिकित्सा शिक्षा, आयुष एवं संस्कृति मंत्री तथा धार जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ के मुख्य आतिथ्य में इंदौर संभाग के धार जिले के धरमपुरी में स्थित मण्ड़ी प्रांगण में मुख्यमंत्री निकाह योजना अन्तर्गत इज्तेमाई निकाह 2020 सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में 34 वर-वधुओं का निकाह सम्पन्न कराया गया।
मंत्री डॉ. साधौ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी ने सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ किया। उसके बाद मुख्यमंत्री कन्यादान/निकाह योजना के तहत राशि में बढ़ोत्तरी की। इस योजना के तहत सभी वर्ग के लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाने से वह दो परिवारों को सुधारती है। इसलिए बेटियों को मंच और अवसर प्रदान करने की आवश्यकता हैं। उन्हें मंच और अवसर मिलेगा तो निश्चित रूप से वे अपने जीवन में उन्नति करेंगी। डॉ. साधौ ने कहा कि 34 जोड़े दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे हैं। डॉ. साधौ ने आव्हान किया कि समाज में एक अच्छा वातावरण निर्मित करने के लिए आगे आएं। समाज में एक अच्छा वातावरण निर्मित होगा तो प्रदेश तथा देश मे भी एक अच्छा वातावरण बनेगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री पांचीलाल मेड़ा ने भी सम्बोधित किया। कलेक्टर धार श्री श्रीकांत बनोठ ने मुख्यमंत्री निकाह योजना की जानकारी दी।