भगोड़े नित्यानंद के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी, गुजरात पुलिस को दुष्कर्म-अपहरण के मामले में तलाश


नई दिल्ली. इंटरपोल ने गुजरात पुलिस के अनुरोध पर स्वघोषित संत स्वामी नित्यानंद के खिलाफ बुधवार को ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया। यह नोटिस ऐसे व्यक्ति के लिए जारी किया जाता है, जो या तो अपराधी हो या फिर जिसकी पुलिस को तलाश हो। इंटरपोल ने अन्य देशों से नित्यानंद के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की। डीएसपी केटी कामारिया ने बताया कि इस संबंध में गुजरात पुलिस ने भारत में इंटरपोल की नोडल एजेंसी सीबीआई को आवेदन भेजा था। इसके बाद तथाकथित संत नित्यानंद के खिलाफ नोटिस जारी हुआ।


गुजरात पुलिस के मुताबिक, वह अब नित्यानंद के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की कोशिशों में जुटे हैं ताकि उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जा सके। नित्यानंद पिछले साल भारत से फरार हो गया था और उस पर दुष्कर्म और बच्चों को गलत तरीके से बंदी बनाने का मामले दर्ज है।


इक्वाडोर ने नित्यानंद की मौजूदगी से इनकार किया था


इंटरपोल द्वारा ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने से सभी देशों को उस व्यक्ति की पहचान, स्थान और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करना अनिवार्य हो जाता है। हाल ही में उसका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह उपदेश देते दिखा था। पिछले महीने इक्वाडोर ने नित्यानंद की मौजूदगी से इनकार किया था और कहा था कि उसने उसे शरण देने से मना कर दिया था। इक्वाडोर उच्चायोग ने बताया था कि वह संभवत: हैती में हो सकता है।


नित्यानंद ने इक्वाडोर में टापू खरीदकर उसे हिंदू राष्ट्र घोषित किया


दिसंबर में ऐसी खबर आई थी कि नित्यानंद ने इक्वाडोर के पास एक द्वीप खरीदा है, जिसका नाम कैलाशा रखा है और उसे हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया है। इस द्वीप का खुद का झंडा और अपनी राजनीतिक व्यवस्था होने की बात भी सामने आई थी। उसने kailaasa.org वेबसाइट बनाई थी और इसके जरिए संदेश दिया कि दुनियाभर के प्रताड़ित हिंदू यहां आकर रह सकते हैं। हालांकि, इक्वाडोर ने ऐसे किसी द्वीप के बेचने से इनकार किया। 


नित्यानंद पर आरोप:



  • नित्यानंद के पासपोर्ट की वैधता सितंबर 2018 में खत्म हो गई थी। 

  • नित्यानंद का 2010 में तमिल फिल्म एक्ट्रेस रंजीता के साथ आपत्तिजनक वीडियो लीक हुआ था।

  • दुष्कर्म के आराेपाें के बाद नित्यानंद नेपाल के रास्ते त्रिनिदाद भाग गया था। 

  • कर्नाटक में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में नित्यानंद वांछित है। 

  • गुजरात के आश्रम में लड़कियाें के शाेषण और बच्चाें काे बंधक बनाने के मामले में भी पुलिस उसे तलाश रही है।