बड़ी दूर से आये हैं कुछ लेेके जायेंगे: विनेाद चौबे


भाजपा का कलेक्ट्रेट पर धरना, कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा


वैढ़न,सिंगरौली। प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी की कमलनाथ सरकार की नीतियों के विरूद्ध लामबन्द हुये जिला सिंगरौली के भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर आम सभा की। आम सभा में उन्होंने सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी की सरकार को जमकर कोसा। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में राजनीति का बुरा समय चल रहा है। प्रदेश बुरे दौर से गुजर रहा है। सरकार द्वारा बैठाये गये लोक सेवकों को संविधान तक की जानकारी नहीं है। भाजपा पूरे प्रदेश में हर जिले में गांधीवादी तरीके से आन्दोलन कर रही है। 
पूर्व अध्यक्ष जिला भाजयुमो श्री विनोद चौबे ने कहा कि कांग्रेस सरकार में मजदूर, किसान, ब्यापारी आहत हैं। जिले के एक विभाग को निशाना बनाते हुये उन्होंने कहा कि विभाग के जिम्मेदार लोग अवैध उत्खनन करवा रहे हैं जोकि घृड़ित कार्य है। कमलनाथ की सरकार के कबीना मंत्री कमलेश्वर पटेल को निशाना बनाते हुये उन्होंने कहा कि इनके सात-आठ भाई हैं जो गले में झोली लटका कर हर जिले का दौरा कर रहे हैं। 'हम आये हैं तो कुछ लेकर जायेंगे की तर्ज पर वसूली हो रही है। भ्रष्टाचार का पूरे प्रदेश में बोलबाला है। सरकार दूध की डेयरी की जगह पर शराब की उप दुकानें खोलने जा रही है। उन्होने मंच पर से मांग की कि कमलेश्वर पटेल को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाय। 
सिंगरौली के द्वारा राष्ट्रीय नेतृत्व के आव़्हान पर प्रदेश की कांग्रेस नीति सरकार के द्वारा प्रदेश की जनता के ऊपर हो रहे अत्याचार ,अवैध उत्खनन ,भ्रष्टाचार और अभी राजगढ़ के ब्यावरा में कलेक्टर के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को थप्पड़ मारने एवं लाठीचार्ज कराने के विरोध में भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल की अगुवाई में सिंगरौली भाजपा द्वारा धरना प्रदर्शन का आयोजन कलेक्टर परिसर के बाहर किया गया। जिसमें आम जनमानस के साथ कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव जिले के समस्त विधायक ,जिला पदाधिकारी ,मंडल अध्यक्ष और सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।  
सभा को सम्बोधित करते हुये सिंगरौली की पूर्व महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार ने कहा कि एक वर्ष से मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ की सरकार है, एक वर्ष से मध्य प्रदेश की जनता पीड़ित महसूस कर रही है। पूर्व महापौर ने कहा कि पूर्व की शिवराज सरकार में प्रदेश में खुशहाली थी। भाजपा कांग्रेस पार्टी की गलत नीतियों का विरोध कर रही है। कांग्रेस सरकार यदि अपनी नीतियों में बदलाव नहीं करती तो भाजपा इसके खिलाफ सड़को पर आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी। 
सभा को सम्बोधित करते हुये देवसर विधायक सुभाष वर्मा ने कहा कांग्रेस की सरकार अवैध धन्धों में लिप्त है। केन्द्र की भाजपा सरकार पड़ोसी देशों से प्रताड़ित हिन्दू भाईयों को नागरिकता देने का काम कर रही है लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होने कहा कि शुक्र है कि रीवा संभाग में भाजपा की सरकार है यहां कांग्रेस की दाल नहीं गलने वाली। 
सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैस ने कहा कि कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ आज भाजपा का आन्दोलन है कमलनाथ सरकार में किसानों को बिजली नहीं मिल रही है। किसानों के कर्जे माफ नहीं हुये, सौभाग्य योजना का सही से क्रियान्व्यन नहीं हो रहा है। कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा यहां की जनता को भुगतना पड़ रहा है। सिंगरौली विधायक ने कहा कि पूर्व की शिवराज सरकार ने किसानों के बिजली के बिल माफ किये। सिंगरौली जिले में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से २४ सौ जोड़ो का विवाह हुआ। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में ५१ हजार की राशि देने का दावा करने वाली कमलनाथ की सरकार में जोड़ो को कन्यादान की राशि नहीं मिल पा रही है। किसानों को धान खरीदी का पैसा नहीं मिल रहा है। उन्होने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा चलायी गयी योजना आपकी सरकार आपके द्वार मात्र दिखावा है। किसानों को केन्द्र सरकार द्वारा दी जाने वाले ६ हजार की राशि को भी मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा नहीं दिया जा रहा है।