विपक्षियों को मोदी की ललकार, हिम्मत है तो घोषणा करे कि पाक के हर नागरिक को देंगे नागरिकता


रांची। झारखंड के बरहेट में एक चुनावी जनसभा के को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकता कानून को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला किया है। पीएम ने कहा कि मैं कांग्रेस सहित उन तमाम दलों को इस वीरों की धरती से आज चुनौती देता हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे खुलकर घोषणा करें कि वे पाकिस्तान के हर नागरिक को भारत की नागरिकता देने के लिए तैयार हैं। देश उनका हिसाब चुकता करेगा। कांग्रेस में हिम्मत है तो वे ये भी घोषणा करें कि वे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में फिर से आर्टिकल 370 लागू करेंगे। कांग्रेस में या उसके साथियों में हिम्मत है तो वे ये घोषणा करें कि तीन तलाक के खिलाफ जो कानून बना है, उसको वे रद्द कर देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'कांग्रेस और उसके साथी इस मुद्दे पर मुसलमानों को भड़काने का, डराने का, भयभीत करने का प्रयास करके अपनी राजनीतिक खिचड़ी पकाना चाहते हैं। कांग्रेस की बांटो और राज करो, इसी नीति के चलते देश का एक बार बंटवारा हो चुका है। मां भारती के टुकड़े पहले हो चुके हैं। यही कांग्रेस है जिसने अवैध तरीके से लाखों घुसपैठियों को भारत में घुसने दिया। यहां उनको वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया।'
झारखंड में मोदी ने कहा, 'घुसपैठियों के कारण जो समस्याएं पैदा हुई हैं उसके लिए भी कांग्रेस और उसके साथी दल, जो इतने सालों तक सत्ता भोगते रहे वही जिम्मेदार हैं। उन्होंने नागरिकता कानून को लेकर कहा कि कांग्रेस और उसके साथ देश में झूठ फैला रहे हैं। कांग्रेस तो मुसलमानों को डरा रही है। रही बात नागरिकता कानून की तो देश के एक भी नागरिक पर इसका असर नहीं पड़ेगा। यह कानून भारत में आने वाले लोगों के लिए है। पीएम मोदी ने यह भी कहा, 'दूर-दूर से इतनी बड़ी तादाद में आप मुझे यहां आशीर्वाद देने आए हैं। आपका यही स्नेह, आशीर्वाद तो जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और देशभर के वामपंथियों को परेशान करता है। उनकी नींद हराम कर देता है। मोदी को, भाजपा को मिल रहा देश का प्यार इनको पच नहीं रहा है।'