उत्तराखंड- नैनीताल में जोरदार ठंड से आम जीवन प्रभावित, स्कूल बंद


नैनीताल। उत्तराखंड का नैनीताल जिला इन दिनों जोरदार ठंड से जूझ रहा है। मैदानी इलाकों में गुरुवार को सुबह से कोहरा रहने के चलते हर तरफ अंधेरा-सा फैला रहा। इसके चलते सुबह से ही कड़ाके की ठंड रही। सुबह से चारों ओर कोहरे के चलते दिनभर धूप के दर्शन नहीं हुए। धूप नहीं निकलने से दिन भर कड़ाके की ठंड रही। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। हालांकि, बुधवार के मुकाबले गुरुवार को तापमान बढ़ोतरी दर्ज हुई। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 12.2 और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गुरुवार को यह बढ़ कर अधिकतम 13.5 और न्यूतम 10.1 हो गया। वहीं, नमी की मात्रा 99 प्रतिशत से घटकर 73 प्रतिशत हो गई। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार दिसंबर के अंतिम सप्ताह में बारिश होने की आशंका है। इसके बाद ही कोहरा छंटना शुरू होगा। कड़ाके की ठंड को देखते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार और शनिवार को छुट्टी की घोषणा कर दी है। नैनीताल शहर में भी ठंड से सुबह-शाम जनजीवन प्रभावित दिखा। कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते लोग भी सड़कों पर कम ही दिखे। वहीं ठंड बढ़ने के साथ कई इलाकों में मनोरम दृश्य भी देखने को मिले। पहाड़ियों से मैदानी इलाकों में छाए कोहरों का समंदर देखते ही बन रहा है।