स्पाइसजेट सीट विवाद / हवाई जहाज में यात्री ने सांसद प्रज्ञा ठाकुर से कहा- कुछ तो शर्म करो, वीडियो वायरल


भोपाल. स्पाइसजेट के विमान से शनिवार शाम दिल्ली से भोपाल आते वक्त भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर पसंद की सीट नहीं मिलने से नाराज हो गईं थी। इस पूरी घटना का विमान के अंदर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक यात्री प्रज्ञा ठाकुर को समझाने की कोशिश कर रहा है। जब प्रज्ञा नहीं मानी तो उसने कहा कि आपको शर्म आनी चाहिए। आपकी वजह से इतने यात्रा परेशान हो रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद ट्वीटर पर प्रज्ञा ठाकुर ट्रेंड करने लगीं। इस पूरे मामले पर प्रज्ञा ठाकुर का कहना है वे सबका सम्मान करती हैं और किसी अन्य से भी ऐसी ही अपेक्षा रखती हैं। इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत वे विभाग के मंत्री से करेंगी।


फ्लाइट के अंदर प्रज्ञा ठाकुर और यात्रियों की बातचीत के प्रमुख अंश



  • वीडियो में एक महिला यात्री स्पाइसजेट के क्रू मेंबर से कह रही है- "किसी के समय की वैल्यू ही नहीं है। मैनेजमेंट का मामला है आप डिसीजन लीजिए, आपका प्लेन है ये। कोई प्रोफेशनल नाम की चीज नहीं है यहां... इनको कुछ करना चाहिए अथाॅरिटी तो इनके पास है।"

  • इतने में प्रज्ञा ठाकुर कहती हैं- "मैंने शुरू में ही कह दिया है कि अपनी रूल बुक मुझे दिखा दो। मुझसे बैठते बनेगा तो चली जाऊंगी अगर नहीं बनेगा तो नहीं जाऊंगी।"

  • तभी एक पुरुष यात्री प्रज्ञा से कहता है- "मैडम एक बात बताइए, अगर वो आपको रूल बुक नहीं दिखा रहे हैं। आप तो जनता की प्रतिनिधि हैं, आपका काम हमें परेशान करना नहीं है, आप अगली फ्लाइट से आ जाइए।"

  • प्रज्ञा ने कहा- "हम इस फ्लाइट से क्यों जा रहे हैं, इसमें फर्स्ट क्लास नहीं है, कोई तो कारण होगा।"

  • यात्री ने प्रज्ञा से कहा- "आपका राइट नहीं है फर्स्ट क्लास"

  • इस पर प्रज्ञा ने कहा- "मेरा राइट है फर्स्ट क्लास"

  • यात्री ने कहा- "मैडम आपको अन्य यात्रियों का ध्यान रखना चाहिए और शर्म आनी चाहिए"

  • प्रज्ञा भड़क गईं और कहने लगीं- "तमीज से बात करिए"


क्या है पूरा मामला


प्रज्ञा शनिवार शाम स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 2489 से भोपाल आ रही थीं। उन्हें सीट नंबर ए-2 दी गई थी, जबकि वे प्रोटोकॉल के लिहाज से सीट नंबर ए-1 चाहती थीं, लेकिन यह सीट पहले ही दूसरे यात्री को दी जा चुकी थी। शाम 7 बजे विमान भोपाल में राजाभोज एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां सभी यात्री उतर गए, लेकिन साध्वी नहीं उतरीं। स्पाइसजेट के स्टाफ ने भी उनसे नीचे आने का अनुरोध किया, लेकिन वे नहीं मानीं। बाद में एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल विक्रम के एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद विमान से उतरीं। उनके विमान से समय पर नहीं उतरने के कारण यह विमान भोपाल से 20 मिनट की देरी से वापस दिल्ली रवाना हुआ।