सिंगरौली जिले में गांधी दर्शन यात्रा चितरंगी से हुई शुरू


गांधी दर्शन यात्रा कर रही गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार
काल चिंतन संवाददाता,
वैढ़न,सिंगरौली। पूरे प्रदेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से जुड़े कार्यक्रम गांधी जयंती 2 अक्टूबर से आरंभ हो गये हैं। इस क्रम में पूरे प्रदेश में गांधी दर्शन यात्रा आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ की मंशा के अनुसार गांधी दर्शन यात्रा के माध्यम से महात्मा गांधी के विचारों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। सिंगरौली जिले में 9 दिसंबर से 15 दिसंबर तक गांधी दर्शन यात्रा आयोजित की जा रही है। जिले की चितरंगी तहसील मुख्यालय में यात्रा का शुभारंभ हुआ। गांधी दर्शन यात्रा को एसडीएम नीलेश शर्मा तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरूण कुमार ने हरी झण्डी दिखाकर भ्रमण के लिए रवाना किया। गांधी दर्शन यात्रा में शामिल तीन प्रचार वाहन आगामी 15 दिसंबर तक चितरंगी विकासखण्ड की विभिन्न पंचायतों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण के दौरान स्कूल, ग्राम पंचायत तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार किया जायेगा।  यात्रा के प्रथम दिन प्रचार वाहनों ने चितरंगी में उत्कृष्ट विद्यालय, तहसील परिसर तथा गिरचंदवा में कार्यक्रम प्रस्तुत किये। गांधी जी से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में लोगों ने अवलोकन किया। प्रचार वाहन से मुख्यमंत्री जी के गांधी दर्शन यात्रा संदेश का प्रसारण किया गया। दल में शामिल लोक कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं गीतों के माध्यम से गांधी जी के सत्य अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रीय एकता के विचारों का प्रचार प्रसार किया गया।