सीट विवाद / सुरक्षा कारणों के चलते प्रज्ञा को सीट बदलने को कहा था, उनके इनकार के चलते फ्लाइट लेट हुई- स्पाइस जेट


नई दिल्ली. दिल्ली-भोपाल फ्लाइट में सीट के लिए भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर की नाराजगी पर स्पाइस जेट ने रविवार को स्पष्टीकरण दिया। एयरलाइन ने कहा कि प्रज्ञा व्हीलचेयर पर थीं और उन्होंने आपातकालीन कतार में स्थित अपनी सीट बदलने से इनकार कर दिया था। उड़ान में इसी वजह से देरी हुई। एयरलाइन के मुताबिक, प्रज्ञा से सुरक्षा कारणों के चलते सीट बदलने को कहा गया था।

शनिवार को दिल्ली में हुई इस घटना के बारे में एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया- कुछ यात्रियों ने प्रज्ञा से अनुरोध किया कि वे आपातकालीन कतार में स्थित अपनी सीट बदल दें और गैर-आपातकालीन कतार वाली सीट पर चली जाएं। कुछ अन्य यात्रियों ने कहा कि उन्हें विमान से उतार दिया जाए, क्योंकि वे अपनी सीट बदलने से इनकार कर रही थीं। एयरलाइन ने बताया कि आखिरकार प्रज्ञा बात मान गईं और गैर-आपातकालीन कतार में स्थित सीट पर चली गईं। इस घटनाक्रम के चलते फ्लाइट ने करीब 45 मिनट देर से उड़ान भरी।

स्टाफ को जानकारी नहीं थी कि प्रज्ञा व्हीलचेयर पर हैं- एयरलाइन
प्रवक्ता ने कहा- दिल्ली-भोपाल फ्लाइट बॉम्बार्डियर क्यू400 एयरक्राफ्ट ऑपरेट करता है। यह 78 सीटर विमान है। इसमें पहली कतार आपातकालीन है और इसमें ऐसे यात्रियों को सीट नहीं दी जाती, जो व्हीलचेयर पर होते हैं। भाजपा सांसद अपनी व्हीलचेयर पर आई थीं, स्टाफ को इस बारे में जानकारी नहीं थी कि वे व्हीलचेयर पैसेंजर हैं। सुरक्षा कारणों से उन्हें दूसरी सीट पर जाने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था।

प्रज्ञा ने एयरपोर्ट डायरेक्टर से शिकायत की थी
प्रज्ञा ने स्पाइस की फ्लाइट एसजी2489 में सीट 1ए बुक की थी, वे दिल्ली एयरपोर्ट अपनी व्हीलचेयर पर आई थीं। भोपाल आने पर प्रज्ञा ने मीडिया से कहा- एयरलाइन का स्टाफ यात्रियों के साथ सही बर्ताव नहीं करता है। उन्होंने मुझे बुक की हुई सीट नहीं दी। मैंने उनसे कहा कि आप नियम दिखाइए। इसके बाद मैंने डायरेक्टर को बुलाया और अपनी शिकायत दर्ज कराई।